कोलकाता, दो अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को महात्मा गांधी को उनकी 156वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें एक महान नेता बताया जिनका नाम इतिहास के पन्नों में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर शांति एवं अहिंसा की राष्ट्रपिता की शिक्षाओं को याद किया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमारे देश के महान नेता महात्मा गांधी का नाम इतिहास के पन्नों पर स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।’’
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों में धार्मिक सहिष्णुता, शांति एवं सद्भाव का आह्वान करने वाली गांधीजी की प्रार्थना ‘ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान’ का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, ‘‘उनका (गांधी का) अहिंसा का संदेश, शांति का संदेश, एकता का संदेश, सद्भाव का संदेश सदा स्मरण किया जाता रहेगा।’’
बनर्जी ने ‘‘खासकर बढ़ते विभाजन के दौर में’’ इस संदेश को याद रखने और उसे बरकरार रखने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने नागरिकों से गांधी की शिक्षाओं पर चिंतन करने का आग्रह करते हुए लिखा, ‘‘हम आज विशेष रूप से उन शब्दों को याद करते हैं और सभी से उन्हें याद रखने का अनुरोध करते हैं।’’
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.