पटना: भारत सरकार की 3 सितंबर 2025 को हुई जी.एस.टी. परिषद की 56वीं बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, केंद्र सरकार ने 22 सितंबर 2025 से कुछ दुग्ध उत्पादों पर जी.एस.टी. दरों में कमी की है. इसी निर्णय के तहत बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने ‘सुधा’ ब्रांड के विभिन्न दुग्ध एवं दुग्ध-आधारित उत्पादों के मूल्य में संशोधन किया है. यह कदम उपभोक्ताओं को सीधे आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
मक्खन श्रेणी में टेबल बटर 50 ग्राम का मूल्य 32 से घटाकर 31 रुपये, 100 ग्राम 56 से घटाकर 55 रुपये और 500 ग्राम 275 से घटाकर 270 रुपये कर दिया गया है. पनीर श्रेणी में पनीर 100 ग्राम अब 46 रुपये, 200 ग्राम 85 रुपये और 500 ग्राम 205 रुपये में उपलब्ध होगा. दूध उत्पादों में टेट्रा पैक टोन्ड मिल्क 1000 एम.एल. 73 रुपये, टेट्रा पैक डी.टी.एम. मिल्क 1000 एम.एल. 68 रुपये में मिलेगा. एलेस्टर टोन्ड मिल्क 200 एम.एल. 14 रुपये, 500 एम.एल. 32 रुपये और 1000 एम.एल. 63 रुपये में उपलब्ध होगा, जबकि एलेस्टर स्टैंडर्ड मिल्क 500 एम.एल. अब 34 रुपये में मिलेगा. एप्पल जूस 200 एम.एल. का मूल्य 24 रुपये कर दिया गया है.
घी श्रेणी में भी कीमतों में कमी की गई है. स्पेशल पाउच घी 200 एम.एल. 143 रुपये, 500 एम.एल. 315 रुपये, स्पेशल टेट्रा पैक घी 500 एम.एल. 325 रुपये और 1000 एम.एल. 630 रुपये में मिलेगा. स्पेशल टीन पैक घी 1 किलोग्राम अब 640 रुपये में उपलब्ध होगा.
काॅम्फेड ने यह भी स्पष्ट किया है कि बाजार में अभी कुछ उत्पाद पुराने पैकेजिंग में उपलब्ध हैं, जिन पर पूर्व एम.आर.पी. अंकित है. उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया गया है कि सभी उत्पाद नई संशोधित दरों पर ही बेचे जाएंगे. इसलिए खरीदारी के समय दुकानदार से नई दर की जानकारी अवश्य प्राप्त करें.
काॅम्फेड का यह निर्णय उपभोक्ताओं के हित में एक सराहनीय कदम है. सुधा हमेशा अपने उपभोक्ताओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और मूल्य में यह कमी उसी दिशा में उठाया गया ठोस कदम है.
