मुंबई, 19 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक अनुमतियों की संख्या घटाई जाए और मंजूरी मिलने में लगने वाला समय भी कम किया जाए, ताकि राज्य को देश का शीर्ष निवेश गंतव्य बनाए रखने की दिशा में मजबूती मिले।
‘कारोबार को सुगम बनाने’ की पहल के तहत सुधारों की समीक्षा के लिए अलग से बनाये गये ‘वॉर रूम’ में समीक्षा बैठक के दौरान फडणवीस ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि उद्योग स्थापित करने के लिए एक सर्वश्रेष्ठ मॉडल तैयार किया जाए और महाराष्ट्र को देश का अग्रणी औद्योगिक केंद्र बनाया जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि शहरी विकास विभाग भवन निर्माण अनुमति जारी करने के लिए एआई आधारित ऑनलाइन प्रणाली विकसित करे।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एक बार आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा हो जाने पर, स्वचालित प्रणाली द्वारा प्रक्रिया पूरी कर अनुमोदन प्रदान किया जाना चाहिए, जिससे उद्यमियों का समय बचेगा। एकल खिड़की प्रणाली बनाई जानी चाहिए ताकि आवेदक विभिन्न विभागों में अलग-अलग आवेदन करने के बजाय एक ही आवेदन के माध्यम से सभी आवश्यक मंजूरियां प्राप्त कर सकें।’’
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
