scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशअर्थजगतहायर को जीएसटी कटौती के बाद 30 प्रतिशत तक वृद्धि की उम्मीद: कंपनी अध्यक्ष

हायर को जीएसटी कटौती के बाद 30 प्रतिशत तक वृद्धि की उम्मीद: कंपनी अध्यक्ष

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) टीवी, एसी, रेफ्रिजरेटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनी हायर अप्लायंसेज इंडिया के अध्यक्ष एन एस सतीश ने कहा कि त्योहारों के दौरान उनकी कंपनी को लगभग 25 से 30 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि यह वृद्धि मुख्य रूप से बड़े स्क्रीन वाले टीवी और रूम एयर कंडीशनर पर जीएसटी दर कम होने की वजह से होगी।

कंपनी ग्रेटर नोएडा में अपने कारखाने में 1,500 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है और साथ ही घरेलू एवं निर्यात के अवसरों को पूरा करने के लिए दक्षिण भारत में एक नई फैक्टरी के लिए जमीन की तलाश कर रही है।

कंपनी ने कहा कि जीएसटी में कटौती से ‘मेक-इन-इंडिया’ पहल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सतीश ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘निश्चित रूप से जीएसटी लाभ से खपत बढ़ेगी। जैसे-जैसे खपत बढ़ेगी, उत्पादन का स्तर भी बढ़ेगा। इसलिए, जाहिर है, निवेश, जिसकी हमने पहले ही योजना बना ली थी, उसे और तेज गति से आगे ले जाएगा।’’

सतीश के अनुसार, यह जीएसटी सुधार अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार द्वारा उठाए गए सबसे साहसिक कदमों में से एक है।

इस महीने की शुरुआत में सरकार ने अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के तहत 32 इंच से बड़े टीवी स्क्रीन और रूम एयर कंडीशनर पर लगने वाले जीएसटी को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का फैसला लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘जो ग्राहक 43 इंच (स्क्रीन साइज़) वाला टीवी खरीदने की योजना बना रहे थे, वे अब शायद 55 इंच का टीवी लेंगे या जो 55 इंच का टीवी खरीदने की योजना बना रहे थे, वे 65 इंच का टीवी लेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘… इस कदम से, हमें लगता है कि फ्लैट पैनल (टीवी) कारोबार में कम से कम 20-25 प्रतिशत की वृद्धि होनी चाहिए।’’

त्योहारी बिक्री को लेकर सतीश ने कहा कि नवरात्र जल्द ही शुरू होने वाले हैं, और नई कीमतों के साथ बिक्री में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘त्योहारों के दौरान हर श्रेणी में हमें कम से कम 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि देखने को मिल सकती है।’’

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments