नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरणों पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में हाल ही में की गई कटौती के सुचारू कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ चर्चा करेंगे।
सरकार ने 22 सितंबर से विभिन्न कृषि मशीनरी और उपकरणों पर जीएसटी को 12-18 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया है। इससे खुदरा कीमतों में 7-13 प्रतिशत की कमी आएगी।
एक सरकारी बयान में कहा गया, ‘‘किसानों को कम कराधान के साथ सब्सिडी योजनाओं का दोहरा लाभ मिलेगा, जबकि स्वदेशी कृषि मशीनरी निर्माताओं को आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के तहत प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।’’
बैठक में यह सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा कि जीएसटी दरों में कटौती का लाभ किसानों तक व्यापक रूप से पहुंचाया जाए।
बैठक में ट्रैक्टर एवं मशीनीकरण एसोसिएशन (टीएमए), कृषि मशीनरी निर्माता एसोसिएशन (एएमएमए), अखिल भारतीय कम्बाइन हार्वेस्टर निर्माता एसोसिएशन (एआईसीएमए), पावर टिलर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीटीएआई) और संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
