नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) दूरसंचार नियामक ट्राई ने सोमवार को कहा कि उसे महाराष्ट्र में किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं को ऐसा एसएमएस भेजने के लिए कोई आवेदन नहीं मिला है, जिसमें बताया गया हो कि 2024 के विधानसभा चुनाव में कथित रूप से वोटों की चोरी कैसे हुई।
नियामक ने जोर देकर कहा कि वह व्यक्तिगत एसएमएस नमूने को मंजूरी नहीं देता है।
इससे पहले कांग्रेस ने रविवार को दावा किया था कि ट्राई ने महाराष्ट्र में पार्टी कार्यकर्ताओं को एक वृत्तचित्र के लिंक के साथ एसएमएस भेजने के आवेदन को इस आधार पर खारिज कर दिया कि यह ‘विरोध प्रदर्शन से संबंधित सामग्री’ है।
कांग्रेस का नाम लिए बिना, दूरसंचार नियामक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ट्राई को किसी राजनीतिक दल के महाराष्ट्र कैडर को ऐसा एसएमएस भेजने के लिए कोई आवेदन नहीं मिला, जिसमें बताया गया हो कि कैसे 2024 के विधानसभा चुनाव में वोट ‘चुराए’ गए थे।’’
ट्राई ने बताया कि उक्त आवेदन एक सेवा प्रदाता को दिया गया था, जिसने इसे अस्वीकार कर दिया था।
नियामक ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में स्पष्ट किया, ‘‘ट्राई इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर शामिल नहीं था। वास्तव में, ट्राई व्यक्तिगत संदेश नमूने की मंजूरी नहीं देता है।’’
ट्राई ने सेवा प्रदाता एसटीपीएल की अस्वीकृति का एक स्क्रीनशॉट टैग करते हुए कहा कि वह व्यक्तिगत एसएमएस नमूने को मंजूरी नहीं देता।
ट्राई ने ‘हैशटैग फैक्टचेक’ वाले अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘तस्वीर के अनुसार, यह स्पष्ट है कि इसे सेवा प्रदाता एसटीपीएल ने अस्वीकार कर दिया था।’’
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
