मुंबई, पांच सितंबर (भाषा) लॉजिस्टिक कंपनी डीएचएल समूह ने शुक्रवार को इंदौर में अपना नया आईटी सेवा (आईटीएस) केंद्र खोलने की घोषणा की।
यह कदम कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति के तहत डिजिटल नवाचार और तकनीकी प्रतिभा के लिए एक केंद्र विकसित करने की दिशा में उठाया गया है।
डीएचएल समूह ने कहा कि इंदौर केंद्र वैश्विक परियोजनाओं का समर्थन करने के अलावा, भारत में डीएचएल आईटीएस की पहली प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण अकादमी के रूप में भी काम करेगा।
यह कर्मचारियों को डिजिटल प्रौद्योगिकियों, स्वचालन, एआई और नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में कुशल बनाएगा।
कंपनी ने बताया कि यह केंद्र डीएचएल आईटीएस की पांचवीं सुविधा और देश की पहली समर्पित प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण अकादमी है, जो बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और मुंबई में इसकी मौजूदा उपस्थिति का विस्तार करती है।
डीएचएल आईटी सेवा डीएचएल समूह का डिजिटल आधार है। दुनिया भर में इसके 6,000 से ज्यादा आईटी विशेषज्ञ हैं जो सुरक्षित और भरोसेमंद समाधान देते हैं।
कंपनी ने कहा कि इंदौर केंद्र के शुरू होने से अब डीएचएल आईटीएस के पास वैश्विक स्तर पर लगभग 6,000 विशेषज्ञ हो गए हैं, जिनमें से 1,300 भारत में हैं।
कंपनी ने बताया कि इंदौर में नवीनतम सुविधा में पहले ही 100 कर्मचारियों को नियुक्त किया जा चुका है।
भाषा
योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
