नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) विल्मर इंटरनेशनल ने अपनी इकाई लेंस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से गौतम अदाणी के नेतृत्व वाले अदाणी अडानी समूह से एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस लिमिटेड में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए निष्पक्ष व्यापार नियामक सीसीआई से मंजूरी मांगी है।
अदाणी समूह के एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस (पूर्व में अदाणी विल्मर लिमिटेड) में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी सिंगापुर स्थित विल्मर इंटरनेशनल को 7,150 करोड़ रुपये में बेचने की पिछले महीने की गई घोषणा के बाद यह मंजूरी मांगी गई है।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) में दाखिल नोटिस के अनुसार, ‘‘ अधिग्रहणकर्ता (लेंस प्राइवेट लिमिटेड) ने लक्ष्य (एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस लिमिटेड) की चुकता शेयर पूंजी का अधिकतम 20 प्रतिशत और न्यूनतम 11 प्रतिशत अधिग्रहण करने का प्रस्ताव रखा है।’’
विल्मर के पास वर्तमान में लेंस के माध्यम से एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस में 43.94 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
प्रस्तावित लेनदेन के पूरा होने के बाद कंपनी में विल्मर की शेयरधारिता 54.94 प्रतिशत से 63.94 प्रतिशत के बीच हो जाएगी जिससे सिंगापुर स्थित कृषि व्यवसाय समूह कंपनी का बहुलांश मालिक बन जाएगा।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
