scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजियो, एयरटेल ने की बारिश प्रभावित जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के ग्राहकों के लिए राहत उपायों की घोषणा

जियो, एयरटेल ने की बारिश प्रभावित जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के ग्राहकों के लिए राहत उपायों की घोषणा

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो और एयरटेल ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और खराब मौसम से प्रभावित ग्राहकों के लिए राहत उपायों की घोषणा की।

इन उपायों के तहत, प्रीपेड मोबाइल उपयोगकर्ता, जिनका रिचार्ज इस सप्ताह खत्म हो रहा है, उन्हें तीन दिन की अतिरिक्त वैधता दी जाएगी। साथ ही, पोस्टपेड ग्राहकों को बिल भुगतान के लिए अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।

संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जम्मू कश्मीर में इंट्रा-सर्किल रोमिंग (आईसीआर) सक्रिय कर दी गई है।

सिंधिया ने कहा, ‘मेरे विचार और प्रार्थनाएं जम्मू कश्मीर में भारी बारिश और भूस्खलनों से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। इस कठिन समय में लोगों को जुड़े रखने के लिए, दूरसंचार विभाग ने इंट्रा-सर्किल रोमिंग (आईसीआर) को सक्रिय कर दिया है, जिससे उपयोगकर्ता किसी भी उपलब्ध नेटवर्क से जुड़ सकेंगे।’

जियो के एक प्रवक्ता में एक बयान में कहा, ‘कंपनी ज्यादातर इलाकों में महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी प्रदान करना जारी रखे हुए है। वे यह भी समझते हैं कि भरोसेमंद कनेक्टिविटी आपातकालीन सेवाओं, परिवार के संपर्क और जरूरी जानकारी तक पहुंच सुनिश्चित करने में कितनी महत्वपूर्ण है।’

इस अवधि के दौरान निर्बाध डिजिटल पहुंच सुनिश्चित करने के लिए, जियो ग्राहक-केंद्रित उपायों को लागू कर रहा है।

कंपनी ने कहा कि इस सप्ताह समाप्त हो रहे प्लान वाले प्रीपेड मोबाइल और जियोहोम ग्राहकों को स्वचालित रूप से तीन दिनों का वैधता विस्तार दिया जाएगा।

एयरटेल ने भी बुधवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अभूतपूर्व बारिश एवं खराब मौसम के कारण बुरी तरह प्रभावित दूरसंचार सेवाओं के बीच उपयोगकर्ताओं की सहायता के लिए विशेष उपायों की घोषणा की।

दूरसंचार सेवा प्रदाता एयरटेल के प्रवक्ता के बयान के अनुसार, जिन प्रीपेड ग्राहकों के प्लान इस हफ्ते खत्म हो रहे हैं, उन्हें तीन दिन की मोहलत मिलेगी और ग्राहक बिना रिचार्ज कराए भी हर दिन अनलिमिटेड कॉल और एक जीबी डेटा का इस्तेमाल कर पाएंगे।

एयरटेल ने कहा, ‘अभूतपूर्व बारिश और खराब मौसम के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में दूरसंचार सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इन मुश्किल हालात में संपर्क में रहना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी है।’

पोस्टपेड और ब्रॉडबैंड ग्राहकों को निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए बिल भुगतान पर तीन दिन की छूट अवधि मिलेगी।

कंपनी ने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में इंट्रा-सर्किल रोमिंग (आईसीआर) सुविधा शुरू कर दी गई है, ताकि ग्राहक अन्य उपलब्ध नेटवर्क के माध्यम से जुड़े रह सकें।’

एयरटेल ने कहा कि उसकी टीमें जल्द से जल्द सेवाएं बहाल करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही हैं।

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments