scorecardresearch
Tuesday, 22 July, 2025
होमविदेशगांजा उपयोग विकार क्या है? कैसे पता लगाए कि आप इस समस्या से ग्रस्त हैं

गांजा उपयोग विकार क्या है? कैसे पता लगाए कि आप इस समस्या से ग्रस्त हैं

Text Size:

(डैनियल डॉसन और वेन हॉल, क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी; वैलेंटिना लोरेंजेटी, ऑस्ट्रेलियन कैथोलिक यूनिवर्सिटी)

क्वींसलैंड, 11 जुलाई (द कन्वरसेशन)ऑस्ट्रेलिया में करीब 41 प्रतिशत लोगों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने अपने जीवन में कभी न कभी गांजा का इस्तेमाल किया है।

अनुसंधानकर्ताओं का आकलन है कि खुद को ऊर्जावान बने रहने के लिए गांजा का उपयोग करने वाले 22 प्रतिशत लोग इसके विकार (कैनबिस यूज डिसऑर्डर) से ग्रस्त होने के मानदंड को पूरा करते हैं। यह स्थिति उन्हें यह नियंत्रित करना मुश्किल बना देती है कि वे कितनी बार या कितनी मात्रा में गांजा का सेवन करें।

औषधीय कारणों से गांजा का सेवन करने वालों के संदर्भ में हमारे अनुसंधान में अनुमान लगाया कि इसके उपयोग विकार के मानदंडों को पूरा करने वालों का अनुपात 25 प्रतिशत है।

ये आंकड़े आश्चर्यजनक हो सकते हैं, क्योंकि कई देशों में गांजा से जुड़े जोखिम लगातार कम हो रहे हैं।

तो, आप कैसे बता सकते हैं कि आपका गांजा का उपयोग एक समस्या है?

गांजा के सेवन से होने वाला विकार कैसा होता है?

कोई व्यक्ति काम के तनावपूर्ण दिन के बाद आराम करने या नींद आने में मदद के लिए गांजा का सेवन कर सकता है। शुरुआत में, वह कभी-कभार ऐसा कर सकता है। लेकिन समय के साथ, वह बेचैनी, तनाव और नींद न आने की समस्या से छुटकारा पाने के लिए गांजा के सेवन पर निर्भर हो सकता है।

वे ‘सामान्य’ महसूस करने के लिए प्रतिदिन गांजा का उपयोग करना शुरू कर सकते हैं।

नियमित सेवन से शरीर गांजा के प्रभावों के प्रति सहनशीलता विकसित कर लेता है। इसलिए व्यक्ति को वही ‘नशा’ पाने के लिए ज़्यादा गांजा का सेवन करना पड़ता है।

जो लोग गांजा का सेवन करते हैं, वे अपनी इच्छा से अधिक गांजा का सेवन कर सकते हैं या उन्हें काम पर प्रदर्शन करने में समस्या हो सकती है, क्योंकि वे कार्य दिवस की शुरुआत में नशे में होते हैं, या वे दैनिक जरूरतों के लिए भुगतान करने जैसे महत्वपूर्ण काम करने में असफल रहते हैं, और इसके बजाय गांजा खरीद लेते हैं।

व्यक्ति यह जानते हुए भी कि इसके उपयोग से सोचने की क्षमता क्षीण हो रही हैं, स्मृति संबंधी समस्याएं हो रही हैं और चिंता हो रही है, गांजा का उपयोग जारी रख सकता है।

संभव है कि उनके दोस्त और परिवार के लोग उसके गांजा के सेवन से आ रही समस्याओं का संज्ञान लें और इसे बंद करने या कम करने की सलाह दें। गांजा सेवन विकार से ग्रस्त लोगों के लिए यह मुश्किल हो सकता है क्योंकि अगर वे अचानक गांजा का सेवन बंद कर देते हैं, तो उन्हें चिंता, चिड़चिड़ापन और नींद न आने की समस्या हो सकती है।

ये लक्षण इसे छोड़ना या कम करना मुश्किल बना सकते हैं। गांजा के सेवन से ये लक्षण जल्दी ठीक हो जाते हैं, जिससे लत छोड़ने की कोशिश बेकार हो जाती है।

इसका निदान कैसे किया जाता है?

स्वास्थ्य पेशेवर गांजा उपयोग विकार के निदान के लिए विशिष्ट मानदंडों का उपयोग करते हैं।

मानसिक विकारों के निदान और सांख्यिकी मापदंड (डीएसएम)के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति में एक वर्ष के भीतर कम से कम दो लक्षण दिखाई दें, तो उसे गांजा सेवन विकार से ग्रस्त माना जा सकता है। लक्षणों में ये शामिल हो सकते हैं: 1) लंबे समय तक अधिक मात्रा में गांजा का सेवन करना। 2) गांजा की बहुत अधिक तलब होना। 3) गांजा के सेवन को कम करने का प्रयास करना और असफल होना। 4) शारीरिक या मनोवैज्ञानिक समस्याओं के बावजूद गांजा का उपयोग जारी रखना। 5) काम, स्कूल या घर पर प्रमुख भूमिका के दायित्वों को पूरा करने में विफल होना। 6) समान प्रभाव के लिए अधिक मात्रा में उपयोग करने की आवश्यकता, जिसे सहनशीलता के रूप में जाना जाता है। 7) चिंता, चिड़चिड़ापन या नींद न आने जैसी समस्याओं का अनुभव करना।

डीएसएम के अनुसार, दो से तीन लक्षण हल्के गांजा सेवन विकार और कुछ समस्याओं का संकेत देते हैं। मध्यम विकार में चार से पांच लक्षण सामने आते हैं जबकि छह से अधिक लक्षण गंभीर विकार का संकेत देते हैं।

किसे सबसे अधिक खतरा?

मनोरंजन और औषधीय कारण से गांजा का सेवन करने वालों को जोखिम होता है। इस तरह के लोगों में गांजा उपयोग का विकार अधिक होता है:

1) बार-बार, खासकर रोजाना इस्तेमाल करने वाले

2) धूम्रपान या वेपिंग द्वारा गांजा का सेवन करने वाले

3) टीएचसी के उच्च स्तर या अधिक मात्रा लेने वाले।

अन्य जोखिम कारकों में छोटी उम्र में गांजा का उपयोग शुरू करना, तथा चिंता, अवसाद और पुराने दर्द के लक्षणों से राहत पाने के लिए इसका उपयोग करना शामिल है।

पुराने दर्द से इसका क्या संबंध है?

अपने दर्द को नियंत्रित करने के लिए संघर्ष कर रहे लोग राहत पाने की उम्मीद में गांजा का सहारा ले सकते हैं। हालांकि, हाल के अध्ययनों में दर्द को नियंत्रित करने में गांजा के कारगर होने पर सवाल उठाया गया है।

इसलिए लोग अपने दर्द को नियंत्रित करने के असफल प्रयास में गांजा सेवन की मात्रा बढ़ा सकते हैं या अधिक शक्तिशाली गांजा उत्पादों का उपभोग कर सकते हैं।

इससे गांजा उपयोग विकार हो सकता है, जिससे उनके दर्द को नियंत्रित करना अधिक कठिन हो जाता है और रोजमर्रा की जिंदगी की जरूतसें को पूरा करने की उनकी क्षमता क्षीण हो जाती है।

इस जोखिम को कैसे कम करें

ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में कानूनी बदलावों ने चिकित्सा कारणों से गांजा को काफी हद तक सुलभ बना दिया है। अब लोग अक्सर मनोरंजन और चिकित्सा दोनों कारणों (दोहरे उपयोग) के लिए गांजा का उपयोग करते हैं।

यदि आप गांजा का उपयोग करते हैं, तो दैनिक उपयोग से बचें और उच्च टीएचसी (टेट्राहाइड्रोकैनाबिनॉल)वाले गांजा उत्पादों से बचें। इससे गांजा उपयोग विकार विकसित होने के जोखिम को कम किया जा सकता है।

(द कन्वरसेशन) धीरज पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments