scorecardresearch
बुधवार, 25 जून, 2025
होमदेशशुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा भारत के लिए गौरवपूर्ण उपबलब्धि, युवाओं के लिए प्रेरणा: सिद्धरमैया

शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा भारत के लिए गौरवपूर्ण उपबलब्धि, युवाओं के लिए प्रेरणा: सिद्धरमैया

Text Size:

बेंगलुरु, 25 जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए एक्सिओम-4 के सुरक्षित और सफल मिशन की कामना करते हुए कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा भारत के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम स्पेस द्वारा संचालित वाणिज्यिक मिशन के तहत बुधवार को तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा के लिए रवाना होकर इतिहास रच दिया।

रूसी अंतरिक्ष यान के जरिये प्रथम भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की अंतरिक्ष यात्रा के 41 साल बाद किसी भारतीय की यह यात्रा हो रही है।

सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर कहा, “ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए एक्सिओम-4 मिशन पर अंतरिक्ष में जाते हुए देखकर बहुत खुशी हुई। उनकी यात्रा भारत के लिए एक गौरवपूर्ण मील का पत्थर है और हमारे युवाओं के लिए प्रेरणा है।”

उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें और एक्स-4 टीम को सुरक्षित और सफल मिशन की शुभकामनाएं देता हूं।’

उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने इसे भारत के लिए गौरव का क्षण बताया।

उन्होंने कहा, ’41 साल बाद तिरंगा अंतरिक्ष में लौट रहा है। एक्सिओम मिशन 4 के मिशन पायलट विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना होने पर हार्दिक बधाई।’

शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘आपकी (शुक्ला की) यात्रा सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धित नहीं है – यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। आपको सुरक्षित, सफल मिशन और शानदार वापसी की शुभकामनाएं। जय हिंद!’

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने शुक्ला को बधाई देते हुए इसे ‘ऐतिहासिक मील का पत्थर’ बताया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “ 41 वर्षों के बाद, आप राकेश शर्मा की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, तथा अंतरिक्ष में भारत के भविष्य के लिए नए सपने बुन रहे हैं। यह ऐतिहासिक भागीदारी वैश्विक वैज्ञानिक सहयोग में भारत के बढ़ते कद को दर्शाती है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा नवाचार के प्रति हमारी निरंतर खोज से प्रेरित है।”

भाषा नोमान माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments