scorecardresearch
शुक्रवार, 27 जून, 2025
होमदेशआपातकाल का घटनाक्रम

आपातकाल का घटनाक्रम

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) पच्चीस जून 1975 की मध्यरात्रि से ठीक पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाया था। तत्कालीन राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने गांधी की सलाह पर उद्घोषणा जारी की थी, जिसे बाद में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अनुमोदित किया था।

इक्कीस महीने तक लागू रहे आपातकाल का घटनाक्रम इस प्रकार है, जिसे स्वतंत्र भारत के इतिहास का सबसे काला दौर माना जाता है:

***जनवरी 1966: इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री बनीं।

***नवंबर 1969: इंदिरा गांधी को कांग्रेस पार्टी के अनुशासन का उल्लंघन करने के कारण निष्कासित किए जाने के बाद पार्टी में विभाजन।

***1971: विपक्षी नेता राज नारायण ने रायबरेली से लोकसभा चुनाव हारने के बाद इंदिरा गांधी के खिलाफ चुनावी कदाचार की शिकायत दर्ज करायी।

***1973-75: इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ राजनीतिक अशांति और प्रदर्शनों में वृद्धि। 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध के बाद उच्च मुद्रास्फीति, आवश्यक वस्तुओं की कमी और आर्थिक मंदी के कारण गुजरात से बिहार तक पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हुए।

***12 जून, 1975: इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने गांधी को चुनाव प्रचार अभियान में विसंगतियों के लिए दोषी पाया और उनके चुनाव को अमान्य घोषित कर दिया।

***22 जून, 1975: विपक्षी नेताओं ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले की पृष्ठभूमि में सरकार के खिलाफ दैनिक प्रदर्शनों का आह्वान करने के बाद एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया।

***24 जून, 1975: उच्चतम न्यायालय ने फैसला सुनाया कि गांधी को अब संसदीय विशेषाधिकार प्राप्त नहीं हैं। उन्हें वोट देने से रोक दिया गया, लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में काम करने की अनुमति दी गई।

***25 जून, 1975: इंदिरा गांधी की सलाह पर राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद द्वारा आपातकाल की घोषणा।

***26 जून, 1975: इंदिरा गांधी ने आकाशवाणी पर राष्ट्र को संबोधित किया, आपातकाल लगाने के कारण बताए।

***सितंबर 1976: संजय गांधी ने दिल्ली में जबरन सामूहिक नसबंदी कार्यक्रम शुरू किया, जिसके तहत हजारों पुरुषों को उनकी इच्छा के विरुद्ध नसबंदी करवाने के लिए मजबूर किया गया।

***18 जनवरी, 1977: इंदिरा गांधी ने नए चुनाव की घोषणा की और सभी राजनीतिक कैदियों को रिहा किया।

***20 जनवरी, 1977: पांच साल और 10 महीने के बाद लोकसभा भंग कर दी गई।

***11 फरवरी, 1977: राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद का पद पर रहते हुए निधन।

***16 मार्च, 1977: इंदिरा गांधी और उनके बेटे संजय गांधी लोकसभा चुनाव हार गए।

***21 मार्च, 1977: आपातकाल आधिकारिक रूप से समाप्त।

***24 मार्च, 1977: मोरारजी देसाई ने जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला।

भाषा अमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments