scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री के विशेष पैकेज से बिहार में परिवहन को मिली नई रफ्तार

प्रधानमंत्री के विशेष पैकेज से बिहार में परिवहन को मिली नई रफ्तार

रेलवे क्षेत्र में भी बड़ा विकास हुआ है. नौ बड़ी परियोजनाओं में से पांच पूरी हो चुकी हैं, जिनमें 652 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण या दोहरीकरण कार्य शामिल है.

Text Size:

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1.25 लाख करोड़ रुपये के विशेष पैकेज ने बिहार को परिवहन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है. इस पैकेज की अधिकांश घोषणाएं अब तक पूरी हो चुकी हैं और राज्य की डबल इंजन सरकार की बदौलत सड़क, रेल और हवाई परिवहन के क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है.

सबसे बड़ा हिस्सा सड़क परिवहन के लिए था. इसके तहत 2,836 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण प्रस्तावित था. अब तक 1,304 किलोमीटर नई सड़कें बनकर तैयार हो चुकी हैं, जिन पर 14,898 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. 74 सड़क परियोजनाओं में से 44 का काम पूरा हो चुका है. इनमें महात्मा गांधी सेतू का पुनर्निर्माण, पटना-गया-डोभी मार्ग, सिमरिया-खगड़िया, कईलवर-भोजपुर और भोजपुर-बक्सर सड़कें शामिल हैं.

वर्तमान में 22 सड़क परियोजनाओं पर काम जारी है, जिनकी लंबाई 1,057 किलोमीटर है और 25,933 करोड़ रुपये की लागत है. इनमें से 11 परियोजनाएं इस वित्तीय वर्ष के अंत तक पूरी हो जाएंगी और बाकी का काम 2027-28 तक पूरा हो जाएगा. इसके अलावा, पांच नई परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू होगा, जबकि दो परियोजनाएं मंजूरी के अंतिम चरण में हैं. हालांकि, सोनबर्षा और रक्सौल सड़क परियोजना को फिलहाल रक्षा मंत्रालय के कारण रोक दिया गया है.

रेलवे क्षेत्र में भी बड़ा विकास हुआ है. नौ बड़ी परियोजनाओं में से पांच पूरी हो चुकी हैं, जिनमें 652 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण या दोहरीकरण कार्य शामिल है. इस पर अब तक 4,841 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. बाकी चार परियोजनाएं, जैसे किउल-गया लाइन, समस्तीपुर-दरभंगा सेक्शन, धनबाद-सोननगर तीसरी लाइन और राजेंद्र पुल का निर्माण कार्य, वर्ष के अंत तक पूरा हो जाएगा.

हवाई परिवहन में भी बिहार को नई पहचान मिली है. पटना, गया, बिहटा, रक्सौल और पूर्णिया में हवाई अड्डों के विकास की योजना है. पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का कार्य 1,216 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ है. गया एयरपोर्ट पर भी 68.72 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. बिहटा और पूर्णिया एयरपोर्ट पर काम जल्द शुरू होगा, जबकि रक्सौल में जमीन सर्वे का काम चल रहा है.

प्रधानमंत्री के इस विशेष पैकेज से बिहार के लोगों को तेज, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा मिल रही है. यह राज्य के विकास को नई रफ्तार देने में एक अहम कदम साबित हो रहा है.

share & View comments