scorecardresearch
Wednesday, 16 July, 2025
होमदेशदिल्ली भाजपा ने 14 जिला इकाई अध्यक्षों, प्रदेश परिषद सदस्यों की घोषणा की

दिल्ली भाजपा ने 14 जिला इकाई अध्यक्षों, प्रदेश परिषद सदस्यों की घोषणा की

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत सोमवार को 14 जिला इकाई अध्यक्षों के नामों की घोषणा की।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों में अनुभव और विभिन्न सामाजिक श्रेणियों के प्रतिनिधित्व का मिश्रण देखने को मिलता है।

तीन नेताओं को लगातार दूसरी बार यह जिम्मेदारी दी गई है। इनमें विजेंदर धामा, मयूर विहार जिला; चंद्रपाल बख्शी, पश्चिमी दिल्ली और दीपक गौबा, शाहदरा जिला हैं।

दिल्ली भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार, दो महिला नेताओं – राज शर्मा गौतम, नजफगढ़ और माया बिष्ट, दक्षिण दिल्ली – को भी जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

नवनियुक्त जिलाध्यक्षों में से अरविंद गर्ग (चांदनी चौक), विनोद सहरावत (उत्तर पश्चिम), वीरेंद्र बब्बर (करोल बाग) और मास्टर बिनोद कुमार (नवीन शाहदरा) – पहले भी जिला अध्यक्ष के पद पर रहे थे।

भाजपा नेता एवं दिल्ली इकाई के संगठनात्मक चुनाव अधिकारी महेंद्र नागपाल ने सभी 14 जिला अध्यक्षों और भाजपा दिल्ली प्रदेश परिषद के 105 निर्वाचित सदस्यों के नामों की घोषणा की।

जिला अध्यक्षों की नयी नियुक्तियां, विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को हराकर, 27 वर्षों के बाद भाजपा के दिल्ली की सत्ता में लौटने के तीन महीने बाद हुई हैं।

भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी ने पहले ही 204 मंडल इकाइयों के अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। पार्टी नेताओं ने बताया कि पुनर्गठन की प्रक्रिया में अगला चरण प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों की नियुक्ति का होगा।

सचदेवा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे संगठनात्मक विकास और पार्टी सरकार की नीतियों के क्रियान्वयन में योगदान देंगे।

नवनिर्वाचित प्रदेश परिषद सदस्यों में विधायक पवन शर्मा, दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा, पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत, करतार सिंह तंवर, प्रद्युम्न राजपुर, पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी, पूर्व महापौर सुभाष आर्य, प्रीति अग्रवाल और सुनीता कांगड़ा, सुमित भसीन और दिल्ली भाजपा मीडिया विभाग के प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर शामिल हैं।

भाषा अमित वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments