scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमखेलउदित 61 किग्रा के फाइनल में, पूनिया और दहिया सेमीफाइनल में

उदित 61 किग्रा के फाइनल में, पूनिया और दहिया सेमीफाइनल में

Text Size:

अम्मान (जोर्डन), 30 मार्च (भाषा) भारतीय पहलवान उदित ने रविवार को यहां एशियाई चैंपियनशिप के पुरुषों के 61 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बनाकर स्वर्ण पदक की उम्मीद जगाई जबकि अनुभवी दीपक पूनिया (92 किग्रा) और मुकुल दहिया (86 किग्रा) भी सेमीफाइनल में पहुंचे।

उदित ने किर्गिस्तान के बेकबोलोट मिर्जानजार उलु को 9-6 से हराने के बाद चीन के वानहाओ झोउ को 2-0 से शिकस्त दी।

पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहे पूनिया ने बेकजात राखिमोव के खिलाफ कड़े मुकाबले में जीत के साथ वापसी की। पूनिया को किर्गिस्तान के प्रतिद्वंद्वी से कड़ी टक्कर मिली लेकिन वह क्वार्टर फाइनल में 12-7 से जीत दर्ज करने में सफल रहे। अब उनके और पदक के बीच जापान के ताकाशी इशिगुरो हैं।

दहिया ने भी दो जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई। सिंगापुर के वेंग लुएन गैरी चाउ को दहिया ने बिना अंक गंवाए तकनीकी दक्षता के आधार पर हराने के बाद किर्गिस्तान के दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी मुहम्मद अब्दुल्लाव को 3-1 से शिकस्त दी ।

सेमीफाइनल में दहिया का मुकाबला ईरान के दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी अबुलफजल वाई रहमानी फिरौजाई से होगा।

दिनेश भी हेवीवेट 125 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। भारतीय पहलवान ने तकनीकी दक्षता के आधार पर चीन के बुहीरदुन हराया।

​​हालांकि जयदीप अहलावत (74 किग्रा) को अपने शुरुआती मुकाबले में जापान के हिकारू ताकाता के खिलाफ 5-10 से हार का सामना करना पड़ा।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments