मुंबई, चार मार्च (भाषा) भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मंगलवार को कहा कि अबूझ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद से एक अलग खिलाड़ी की तरह दिखे है क्योंकि वह मानसिक रूप से मजबूत हो गए हैं और चेहरे पर मुस्कान के साथ खेलते हैं।
चक्रवर्ती ने रविवार को दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ 42 रन देकर पांच विकेट लिये थे। भारत ने इस मैच को 44 रन से जीता था।
सूर्यकुमार ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा, ‘‘ वह 2021 में जिस तरह से टीम से बाहर हुआ और फिर उसने जिस तरह से वह वापसी की है उसमें दो अलग-अलग वरुण चक्रवर्ती की झलक दिखती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह मानसिक तौर पर थोड़ा मजबूत हुआ है। उसके चेहरे पर मुस्कान रहती है और मैदान पर जो भी परिस्थिति हो वह उसे सहजता से लेता है। किसी क्रिकेटर के नजरिए से बहुत अच्छी बात है।’’
चक्रवर्ती चैंपियंस ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों में अंतिम 11 का हिस्सा नहीं थे लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका चयन मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ।
सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘मैं उनके लिए वाकई बहुत खुश हूं। वह जो कुछ भी कर रहे हैं और जो कुछ भी उनके साथ हो रहा है वह उस हर चीज के हकदार है।’’
इस आक्रामक बल्लेबाज ने कहा, ‘‘ वह 2021 से वास्तव में कड़ी मेहनत करने वाले खिलाड़ी रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी के बाद से मैंने उनसे कई बार बात की है।’’
सूर्यकुमार ने कहा कि मुंबई इंडियंस को आईपीएल में नेतृत्व संबंधी किसी भी दुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि उनकी टीम में सभी मौजूदा भारतीय कप्तान हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ जब हम वहां जाते है तो यह एक परिवार की तरह है, इसलिए हम इस बारे में नहीं सोचते कि हमारे पास तीन कप्तान हैं या हमारे पास चार कप्तान हैं। हम सोचते हैं कि हम एक टीम हैं।’’
भाषा आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
