scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमखेलमूनी की नाबाद 96 की पारी से गुजरात जायंट्स ने यूपी वॉरियर्स को दिया 187 रन कर लक्ष्य

मूनी की नाबाद 96 की पारी से गुजरात जायंट्स ने यूपी वॉरियर्स को दिया 187 रन कर लक्ष्य

Text Size:

लखनऊ, तीन मार्च (भाषा) दिग्गज बल्लेबाज बेथ मूनी शतक पूरा करने से चूक गयी लेकिन उनकी 96 रन की नाबाद पारी से गुजरात जायंट्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टी20 मैच में सोमवार को यहां यूपी वॉरियर्स के खिलाफ पांच विकेट पर 186 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

मूनी ने अपनी 59 गेंद की नाबाद पारी में मैदान के चारों ओर 17 चौके जड़े। उन्हें आखिरी ओवर में शतक तक पहुंचने के लिए 10 रन की जरूरत थी लेकिन वह तीन गेंद में छह रन ही बना सकी।  

दयालन हेमलता (दो) के आउट होने के बाद बायें हाथ की सलामी बल्लेबाज मूनी ने हरलीन देओल (45) के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 गेंद में 101 रन की साझेदारी कर टीम के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी।

वह इस दौरान शानदार लय में दिखी। उन्हें फ्लिक और ड्राइव की मदद से क्षेत्ररक्षकों के बीच से गेंद को निकाल कर स्कोरबोर्ड को तेजी से चलाये रखने में कोई परेशानी नहीं हुई।

हरलीन ने 32 गेंद की पारी में छह चौके जड़े। वह मौजूदा सत्र में अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी को अर्धशतक में बदलने में नाकाम रही।

सोफी एक्लेस्टन ने मेजबान यूपी वॉरियर्स के लिए यहां के इकाना स्टेडियम में सत्र के पहले मैच में 34 रन देकर दो विकेट चटाये। उन्होंने हरलीन को आउट करने के बाद खतरनाक ड्रियंड्रा डॉटिन (17) को चलता किया।

गुजरात जायंट्स की कप्तान एशले गर्डनर (11) और फोबे लिचफील्ड (आठ) तेजी से रन बनाने की कोशिश में अपना विकेट जल्दी गंवा बैठी।

भाषा आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments