scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमखेलहेनरी के आक्रामक अर्धशतक से यूपी वारियर्स के नौ विकेट पर 177 रन

हेनरी के आक्रामक अर्धशतक से यूपी वारियर्स के नौ विकेट पर 177 रन

Text Size:

बेंगलुरू, 22 फरवरी (भाषा) चिनेले हेनरी (62) ने टूर्नामेंट के सबसे तेज अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी की और उनकी पारी के दम पर यूपी वारियर्स ने महिला प्रीमियर लीग के मैच में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नौ विकेट पर 177 रन बनाये ।

वेस्टइंडीज की हेनरी ने 23 गेंद में आठ छक्कों और दो चौकों की मदद से 62 रन बनाये । एक समय पर यूपी के छह विकेट 14 ओवर में 91 रन पर गिर चुके थे ।

वेस्टइंडीज की दाहिने हाथ की बल्लेबाज हेनरी ने अरूंधति रेड्डी को 19वें ओवर में तीन छक्के लगाकर 18 गेंद में अर्धशतक पूरा किया । उन्होंने गुजरात जाइंट्स की सोफिया डंकली के रिकॉर्ड की बराबरी की जिन्होंने 2023 सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ यह कारनामा किया था ।

आठवें नंबर पर उतरी हेनरी की इस पारी के दम पर यूपी ने दमदार स्कोर बनाया जबकि उसके विशेषज्ञ बल्लेबाज कुछ कर पाने में नाकाम रहे थे ।

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की ताजा पिच पर दिल्ली के गेंदबाजों ने यूपी के छह विकेट 89 रन पर निकाल दिये थे ।

यूपी के लिये किरण नवगिरे ने 20 गेंद में 17 रन बनाये । इससे पहले मरियाने काप ने वृंदा दिनेश (चार) को सस्ते में आउट किया ।

जेस जोनासेन ने दीप्ति शर्मा (13) और ताहलिया मैकग्रा (24) के विकेट लिये जबकि काप ने 13वें ओवर में ग्रेस हैरिस (दो ) को पवेलियन भेजा ।

भाषा मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments