scorecardresearch
Sunday, 23 February, 2025
होमदेशदिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद उपराज्यपाल के साथ सहयोग से होगा दिल्ली का विकास: पार्टी नेता

दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद उपराज्यपाल के साथ सहयोग से होगा दिल्ली का विकास: पार्टी नेता

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) पिछले एक दशक में दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप)की सरकार का उपराज्यपालों के साथ कई मुद्दों पर टकराव रहा। हालांकि, 26 साल से अधिक समय के बाद शहर में भाजपा के सत्ता में आने के बाद, कई लोगों को उम्मीद है कि रिश्ते सुधरेंगे और सुगम शासन का मार्ग प्रशस्त होगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि दिल्ली सरकार के मुखिया होने के नाते उपराज्यपाल का पद अधिकारपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘‘इसका मतलब है कि दिल्ली में निर्वाचित सरकार को न केवल उनके साथ सहयोग करते हुए काम करना चाहिए, बल्कि संवैधानिक पद को अपेक्षित गरिमा भी देनी चाहिए, जिसे ‘आप’ ने बहुत नजरअंदाज किया है।’’

नेता ने कहा कि केंद्र और दिल्ली दोनों जगहों पर भाजपा के सत्ता में होने के कारण उपराज्यपाल कार्यालय के साथ संतुलन बनाना अब कोई मुद्दा नहीं रह जाएगा।

उपराज्यपाल की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा केंद्र सरकार की सलाह पर की जाती है।

भाजपा नेताओं के अनुसार, दिल्ली में अब शासन और सार्वजनिक सेवा वितरण में बड़े सुधार होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यमुना प्रदूषण जैसे लगातार बने हुए मुद्दों का समाधान, तथा सड़क, जलापूर्ति, जल निकासी एवं सार्वजनिक परिवहन जैसे बिगड़ते नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की संभावना है।

नेता ने यह भी कहा कि उपराज्यपाल और एक निर्वाचित सरकार के बीच अधिकार क्षेत्र का बार-बार उठने वाला मुद्दा अब पीछे छूट जाने की संभावना है।

मई 2022 में दिल्ली के उपराज्यपाल का पदभार संभालने के बाद वी के सक्सेना का ‘आप’ सरकार के साथ स्वच्छता के मुद्दों, यमुना प्रदूषण के स्तर, बुनियादी ढांचे और नीति और शासन से संबंधित अन्य मामलों पर अक्सर टकराव रहा।

दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण संबंधों का शासन पर बड़ा प्रभाव पड़ा। उपराज्यपाल ने सेवा विभाग और नौकरशाही पर अपने नियंत्रण के माध्यम से पिछली आप सरकार पर लगाम कसी। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने उपराज्यपाल पर शासन और सेवाओं के सुचारू कार्यान्वयन को खतरे में डालने का आरोप लगाते हुए जवाबी हमला किए।

एक अन्य भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी संवैधानिक पदाधिकारियों का सम्मान करती है और हमेशा उनके साथ समन्वय एवं सहयोग सुनिश्चित करके लोगों की सेवा करने का लक्ष्य रखती है। नेता ने कहा कि सभी को साथ लेकर भाजपा अब दिल्ली को ‘विकसित राजधानी’ बनाने के लिए काम करेगी।

शालीमार बाग से पहली बार भाजपा विधायक बनीं रेखा गुप्ता को उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके मंत्रिपरिषद को भी शपथ दिलाई गई।

भाषा वैभव माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments