गोवा, 11 फरवरी (भाषा) निचली लीग में खिसकने का खतरा झेल रहे दिल्ली एफसी ने मंगलवार को यहां अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहे चर्चिल ब्रदर्स को आईलीग फुटबॉल टूर्नामेंट में दो बार पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 2-2 से बराबरी पर रोक दिया।
चर्चिल ब्रदर्स ने रफीक अमीनु (12वें मिनट) और स्टेंडले फर्नांडिज (43वें मिनट) के गोल की बदौलत दो बार बढ़त बनाई लेकिन दोनों बार डिफेंस की चूक के कारण दिल्ली की टीम को वापसी का मौका दे दिया।
दिल्ली एफसी के लिए सैमसन केइशिंग ने 41वें मिनट में पहला गोल दागा जबकि 54वें मिनट में जूनियर ओंगुएन एनकेनगुए के क्रॉस पर जोस लुई मोरेनो ने आत्मघाती गोल कर दिया।
इस ड्रॉ के बावजूद चर्चिल की टीम 14 मैच में 27 अंक के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। दिल्ली की टीम 14 मैच में 10 अंक के साथ 12वें और अंतिम स्थान पर है।
भाषा
सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
