scorecardresearch
Saturday, 12 October, 2024
होमदेशभाजपा ‘आतंकवादियों की पार्टी’ है: कांग्रेस अध्यक्ष खरगे

भाजपा ‘आतंकवादियों की पार्टी’ है: कांग्रेस अध्यक्ष खरगे

Text Size:

कलबुर्गी (कर्नाटक), 12 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी पार्टी को ‘‘अर्बन नक्सल गिरोह’’ द्वारा चलाये जाने संबंधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया टिप्पणी को लेकर उन पर पलटवार करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘‘आतंकवादियों की पार्टी’’ है।

खरगे ने आरोप लगाया कि वे ‘लिंचिंग’ करते हैं और लोगों को पीटते हैं तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) समुदायों के लोगों पर अत्याचार करते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भाजपा की कर्नाटक इकाई के वरिष्ठ नेता और विधानपरिषद सदस्य (एमएलएसी) एन रविकुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि देश में आतंकवाद और नक्सली गतिविधियों में करीब 80-90 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने इस विषय पर सर्वेक्षण और बहस कराने की चुनौती दी कि — आतंकियों का समर्थक कौन है?

रविकुमार ने केंद्र की (नरेन्द्र) मोदी सरकार के 10 साल की तुलना मनमोहन सिंह के दस साल के शासनकाल से करते हुए यह बात कही।

खरगे ने मोदी की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘वह (मोदी) हमेशा से यह कहते रहे हैं। यहां तक कि वह अब भी यह कह रहे हैं। अब तक वह चुप बैठे थे, थोड़ा अब जान आने के बाद वह अर्बन नक्सल बोल रहे हैं। वह प्रबुद्ध और प्रगतिशील लोगों को अर्बन नक्सल बोल रहे हैं, वह कांग्रेस को भी ऐसा (अर्बन नक्सल) बोल रहे हैं। यह उनकी आदत है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘उनकी अपनी पार्टी (भाजपा) आतंकवादियों की पार्टी है, वे लिंचिंग, लोगों को मारने में शामिल हैं, अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों के मुंह में पेशाब करते हैं, आदिवासियों से बलात्कार करते हैं। उनकी पार्टी (भाजपा) आतंकवादियों की पार्टी है, वे इस तरह के कृत्य करने वाले लोगों का समर्थन करते हैं, और फिर दूसरों पर दोषारोपण करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी को तो कोई हक नहीं है, जहां भी उनकी पार्टी की सरकार है, वहां अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति समुदायों के लोगों पर, खास तौर पर आदिवासियों पर अत्याचार होते हैं। फिर वह (मोदी) कहते हैं कि अन्याय हो रहा है। क्या हुकूमत हमारी (कांग्रेस की) है? सरकार आपकी (भाजपा की) है, आप नियंत्रित कर सकते हैं। लेकिन मोदी की आदत है ऐसा बोलने की। वह देश और लोगों के बारे में कम, पार्टी के बारे में ज्यादा बोलते हैं।’’

भाजपा नेता रविकुमार ने दावा किया कि कांग्रेस के पास नक्सलियों और आतंकवादियों पर कोई स्पष्ट नीति नहीं है। उन्होंने कहा कि वे (कांग्रेस) अप्रत्यक्ष रूप से एक विशेष समुदाय को खुश करने में लगे हुए हैं और इसके लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह खरगे को खुली चुनौती है। हम बहस के लिए तैयार हैं। मोदी के शासनकाल के 10 वर्षों और केंद्र में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के दस वर्षों के दौरान की आतंकी और नक्सली गतिविधियों की तुलना करें।’’

भाषा सुभाष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments