scorecardresearch
Monday, 7 October, 2024
होमदेशदिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने 6 फ्लैगस्टाफ रोड बंगले में रहना शुरू किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने 6 फ्लैगस्टाफ रोड बंगले में रहना शुरू किया

Text Size:

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर (भाषा) मुख्यमंत्री आतिशी ने सोमवार को उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित फ्लैगस्टाफ रोड पर बंगला नंबर 6 में रहना शुरू कर दिया। कुछ दिन पहले ही, उनके पूर्ववर्ती अरविंद केजरीवाल ने इसे खाली कर दिया था और लुटियंस दिल्ली में एक नये आवास पर रहने चले गए थे।

नये आवास में रहने के लिए मुख्यमंत्री के पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद, भाजपा ने दावा किया कि बंगले को नये आवंटन के लिए अभी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपा जाना बाकी है।

भाजपा के आरोपों पर, मुख्यमंत्री कार्यालय या सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। नये बंगले में रहने के लिए मुख्यमंत्री आतिशी ने पहुंचने के बाद, सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री आवास के कर्मचारियों के साथ परिचय बैठक की।

इससे पहले, उनके निजी सामान और अन्य चीजों को एक छोटे वाहन में उनके नये आवास तक पहुंचाया गया था।

पिछले साल, केजरीवाल सरकार में मंत्री बनने के बाद आतिशी को मथुरा रोड पर एबी-17 बंगला आवंटित किया गया था।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने सितंबर में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पिछले शुक्रवार को सिविल लाइंस में फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला खाली कर दिया था।

आतिशी अपने माता-पिता के साथ दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी में रहती थीं, जबकि पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया एबी-17 बंगले में रह रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह सिसोदिया ने घर खाली कर दिया था और वह राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह के आरपी रोड पर आवंटित आवास में रहने के लिए चले गए थे।

भाषा सुभाष देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments