रांची, चार अक्टूबर (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को रांची में बहुप्रतीक्षित कांटाटोली फ्लाईओवर का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य राज्य की राजधानी में यातायात की भीड़ को कम करना है।
इस कार्यक्रम में सोरेन ने लगभग 3,264 करोड़ रुपये मूल्य की 31 सड़क परियोजनाओं का अनावरण किया, जिसमें चार नए फ्लाईओवर की आधारशिला भी शामिल है। इनमें दो फ्लाइओवर रांची में तथा एक धनबाद और एक जमशेदपुर में बनेगा।
उन्होंने कहा, ‘कांटाटोली फ्लाईओवर का निर्माण लगभग दो वर्षों के रिकॉर्ड समय में किया गया है। यह जल्द ही सिरमटोली फ्लाईओवर से जुड़ जाएगा, जिससे फ्लाईओवर की कुल लंबाई लगभग पांच किलोमीटर हो जाएगी।’
यह फ्लाईओवर 2.4 किलोमीटर लंबा है और इसका निर्माण 224.94 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया गया है। इसकी पूरी लंबाई में बिजली के लगभग 125 खंभे लगाए गए हैं।
कांटाटोली फ्लाईओवर की आधारशिला मूल रूप से 2017 में रखी गई थी, लेकिन पिछली भाजपा सरकार द्वारा कई घोषणाओं के बावजूद इसके पूरा होने में देरी हुई।
कनेक्टिविटी को और बढ़ाने के लिए सोरेन ने 1.25 किलोमीटर लंबे सिरमटोली-कांटाटोली फ्लाईओवर की आधारशिला रखी, जिसकी अनुमानित लागत 213.35 करोड़ रुपये है।
उन्होंने तीन किलोमीटर लंबे हरमू-सहजानंद फ्लाईओवर की आधारशिला रखी, जिसकी लागत 430.75 करोड़ रुपये है।
भाषा शुभम रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.