scorecardresearch
Saturday, 28 September, 2024
होमदेशकांग्रेस का महात्मा गांधी के के सिद्धांतों से कोई लेना देना नहीं : मदन दिलावर

कांग्रेस का महात्मा गांधी के के सिद्धांतों से कोई लेना देना नहीं : मदन दिलावर

Text Size:

जयपुर, 28 सितंबर (भाषा) राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी का महात्मा गांधी के सिद्धांतों से कोई लेना-देना नहीं है।

दिलावर ने दावा किया कि कांग्रेस ने केवल अपने स्वार्थ के लिए गांधी के नाम का इस्तेमाल किया है।

उन्होंने यहां ‘गांधी वाटिका’ का दौरा करने के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही।

शिक्षा मंत्री ने कहा, ”कांग्रेस ने गांधी जी के नाम का पूरा उपयोग किया जबकि कांग्रेस का गांधी जी से कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस के लोग गांधी जी की संतानें नहीं हैं … उनके नाम का उपयोग करके पूरे देश को भ्रमित करने का षड्यंत्र किया है। ये अपने आप को लोकतंत्र का रक्षक बताते हैं लेकिन 1975 में आपातकाल लगाकर भारत के संविधान को निलंबित कर दिया था।”

उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बनी वाटिका के निर्माण में ‘भ्रष्टाचार’ के भी आरोप लगाए।

उन्होंने कहा,”मुझे बहुत दुख हुआ कि गांधी जी जैसे महान व सच्चे आदमी के नाम पर, जिनके मन में ईमानदारी की पराकाष्ठा थी उनके नाम पर भी कांग्रेस भ्रष्टाचार कर गई।”

मंत्री ने कहा, ”यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि यह वाटिका बनाने में भी तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार अपना ‘खेला’ कर गई है… जेब भर गई है। गांधी जी के नाम पर इसका निर्माण हुआ है तो इसमें गांधी जी के सिद्धांत परिलक्षित होने चाहिए थे जो नहीं हुए हैं।”

सेंट्रल पार्क स्थित इस गांधी दर्शन संग्रहालय (गांधी वाटिका) का दुबारा संचालन दो अक्टूबर से किया जाएगा। दिलावर ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संग्रहालय में साफ-सफाई और दीवारों पर अंकित भित्ति चित्रों का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भाषा

पृथ्वी, रवि कांत

रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments