scorecardresearch
Saturday, 28 September, 2024
होमदेशविशेष ग्राम सभाएं दो अक्टूबर को आयोजित की जाएंगे, पंचायतों को विकास योजना तैयार करना बताया जाएगा

विशेष ग्राम सभाएं दो अक्टूबर को आयोजित की जाएंगे, पंचायतों को विकास योजना तैयार करना बताया जाएगा

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) वित्त वर्ष 2025-26 के लिए विकास योजनाएं तैयार करने में पंचायतों का मार्गदर्शन करने के लिए दो अक्टूबर को विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। पंचायती राज मंत्रालय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इन सभाओं (बैठकों) में देशभर की 2.55 लाख से अधिक ग्राम पंचायतें शामिल होंगी।

यह प्रशिक्षण एवं उद्बोधन कार्यक्रम पंचायती राज मंत्रालय के ‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान के तहत किया जा रहा है जिसका लक्ष्य देश की सभी पंचायतों में पंचायत विकास योजनाएं (पीडीपी) बनाने में सहभागिता एवं समय से उन्हें तैयार करने को बढ़ावा देना है।

अधिकारियों ने बताया कि इसमें 20,000 कॉलेज विद्यार्थी शामिल होंगे जो विभिन्न ग्राम पंचायतों में पीडीपी तैयार करने में सहायता करेंगे।

मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार विशेष ग्राम सभाओं में 2.55 लाख से अधिक ग्राम पंचायतें, 6,700 प्रखंड पंचायतें और 665 जिला पंचायतें शामिल होंगी।

सभाओं के संचालन की देखरेख और निगरानी के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) में चयनित ग्राम पंचायतों में अधिकारियों और सलाहकारों को तैनात किया जा रहा है।

मंत्रालय दो अक्टूबर के कार्यक्रम से पहले 30 सितंबर को एक राष्ट्रीय कार्यशाला भी आयोजित करेगा, जिसमें विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों, राज्यों के विभागों, प्रशिक्षण संस्थानों के अध्यापकों और पंचायतों के विभिन्न स्तरों के निर्वाचित प्रतिनिधि शामिल होंगे ताकि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा किया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्घाटन पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ करेंगे।

भाषा राजकुमार संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments