scorecardresearch
Saturday, 21 September, 2024
होमदेशकबीरधाम घटना, कबीरधाम कलेक्टर और एसपी को हटाया गया

कबीरधाम घटना, कबीरधाम कलेक्टर और एसपी को हटाया गया

Text Size:

रायपुर, 20 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ सरकार ने 15 सितंबर को एक व्यक्ति की मौत के बाद उप सरपंच के घर में आग लगाने के मामले में शुक्रवार को कबीरधाम कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को हटा दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कबीरधाम जिले के लोहारीडीह गांव में 15 सितंबर को आगजनी में रघुनाथ साहू की मृत्यु की घटना की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा ग्रामीणों से मारपीट किए जाने की सूचना पर रेंगाखार थाने के निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक सहित वहां पदस्थ कुल 23 पुलिसकर्मियों को भी हटा दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर कबीरधाम जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को हटा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि कबीरधाम जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे के स्थान पर गोपाल वर्मा को कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव को हटाकर उनके स्थान पर राजेश कुमार अग्रवाल को पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया गया है।

राज्य शासन ने महोबे को प्रबंध संचालक नागरिक आपूर्ति निगम के पद पर तथा अभिषेक पल्लव को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया है।

अधिकारियों ने बताया कि कबीरधाम जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ आईपीएस विकास कुमार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री साय द्वारा दिए गए मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश के बाद कलेक्टर और जिला दण्डाधिकारी कबीरधाम ने अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी निर्भय कुमार साहू को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें 30 दिनों के भीतर निर्धारित बिन्दुओं पर जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि भविष्य में इस तरह की किसी भी प्रकार की घटना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संबंधित लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बीते रविवार को रेंगाखार थाना क्षेत्र के लोहारीडीह गांव में भीड़ ने उप सरपंच रघुनाथ साहू के घर में आग लगा दी थी। इस घटना में रघुनाथ साहू की मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि रघुनाथ साहू पर हमला इस संदेह के कारण किया गया था कि उसने एक अन्य ग्रामीण कचरू साहू की हत्या की थी। कचरू साहू का शव पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के अंतर्गत बीजाटोला गांव में एक पेड़ पर लटका हुआ मिला था।

इधर राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने राज्य सरकार पर इस घटना को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है तथा शनिवार को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ बंद की घोषणा की है।

भाषा संजीव नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments