(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 30 अगस्त (भाषा) नेपाल ने 18 किलोमीटर लंबी सीमा पार विद्युत पारेषण लाइन के लिए 1.23 करोड़ अमेरिकी डॉलर के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। यह व्यापक विद्युत पारेषण परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे भारत के साथ ऊर्जा सहयोग बढ़ेगा।
अधिकारियों ने बताया कि ‘मिलेनियम चैलेंज कॉरपोरेशन (एमसीसी) नेपाल’ समझौते के तहत हस्ताक्षरित 18 किलोमीटर लंबी विद्युत पारेषण लाइन परियोजना में तीन सब-स्टेशन शामिल हैं और इससे नेपाल को अपने घरेलू बिजली लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद मिलेगी और क्षेत्रीय ऊर्जा बाजार में नेपाल की स्थिति को मजबूत करेगी।
‘मिलेनियम चैलेंज अकाउंट (एमसीए) नेपाल’ द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘क्योंकि एमसीए-नेपाल समझौते के लागू होने की पहली वर्षगांठ मना रहा है तथा यह नेपाल और भारत के बीच क्षेत्रीय ऊर्जा व्यापार को बढ़ाने के लिए सभी हितधारकों की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’
‘मिलेनियम चैलेंज कॉरपोरेशन (एमसीसी) नेपाल कॉम्पैक्ट’ को नेपाल सरकार और अमेरिकी सरकार द्वारा संयुक्त रूप से वित्त पोषित किया जाता है। एमसीसी को जनवरी 2004 में अमेरिकी कांग्रेस द्वारा मजबूत द्विदलीय समर्थन के साथ बनाया गया था।
वित्त मंत्रालय के सचिव डॉ. राम प्रसाद घिमिरे ने कहा कि इस समझौते से 18 किलोमीटर लंबी पारेषण लाइन परियोजना के जरिये नेपाल को अपने घरेलू बिजली लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद मिलेगी और क्षेत्रीय ऊर्जा बाजार में नेपाल की स्थिति को और मजबूत करेगी।
भाषा देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
