ढाका, 18 अगस्त (भाषा) बांग्लादेश की एक अदालत में रविवार को अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और 33 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए एक अर्जी दायर की गई, जिसमें उन पर 2013 में ‘हिफाजत-ए-इस्लाम’ द्वारा आयोजित एक रैली पर अंधाधुंध गोलीबारी करके सामूहिक हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के अनुसार, बांग्लादेश पीपुल्स पार्टी (बीपीपी) के अध्यक्ष बाबुल सरदार चखारी ने ढाका मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में याचिका दायर की है।
याचिका में हसीना और अन्य लोगों पर पांच मई, 2013 को मोतीझील के शापला छत्तर में रैली के दौरान ‘‘सामूहिक हत्या’’ करने का आरोप लगाया गया है।
अदालत ने वादी का बयान दर्ज किया और कहा कि वह इस मुद्दे पर बाद में आदेश पारित करेगी।
आरक्षण विरोधी आंदोलन के हिंसक होने के बाद हसीना ने पांच अगस्त को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश छोड़ दिया था और वह भारत आ गई थीं।
बांग्लादेश में अब हसीना पर 11 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के आठ, अपहरण का एक, मानवता के विरुद्ध अपराध और नरसंहार के दो मामले शामिल हैं।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
