(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 15 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान सेना के तीन पूर्व अधिकारियों को पूर्व जासूस लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) फैज हमीद के खिलाफ कोर्ट मार्शल की कार्रवाई से कथित तौर पर जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सेना ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
हमीद पर एक प्रॉपर्टी डेवलपर ने अपने पद का कथित दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हमीद ने 2019 से 2021 तक इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के महानिदेशक के रूप में काम किया था।
सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक नये बयान में बताया कि सेना के तीन सेवानिवृत्त अधिकारियों को ‘सैन्य अनुशासन के प्रतिकूल कार्यों’ के लिए सैन्य हिरासत में लिया गया।
बयान के मुताबिक, “लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) फैज हमीद की कोर्ट मार्शल कार्रवाई के संबंध में तीन सेवानिवृत्त अधिकारी भी सैन्य हिरासत में हैं।”
बयान में बताया गया, “राजनीतिक हित साधने और मिलीभगत से अस्थिरता को बढ़ावा देने के लिए कुछ सेवानिवृत्त अधिकारियों और उनके सहयोगियों की संलिप्तता की जांच जारी है।”
सेना ने तीनों अधिकारियों की पहचान का खुलासा नहीं किया है।
उच्चतम न्यायालय ने ‘टॉप सिटी हाउसिंग सोसायटी’ के मालिक द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच का जिम्मा रक्षा मंत्रालय को सौंपा था, जिसके बाद सेना ने हमीद के खिलाफ कथित तौर पर पद के दुरुपयोग के आरोपों की जांच के लिए अप्रैल में एक जांच समिति गठित की थी।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
