ढाका, 14 अगस्त (भाषा) पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पद छोड़ने के लिए जिम्मेदार विद्यार्थी यातायात पुलिसकर्मियों के काम पर लौटने के बावजूद बांग्लादेश की सड़कों पर यातायात का प्रबंधन संभाल रहे हैं।
हसीना के पांच अगस्त को भारत चले जाने के बाद प्रतिशोध लेने के लिए हत्याओं और आगजनी सहित हिंसा जारी रही।
देश के लगभग सभी पुलिस अधिकारी छिप गए, क्योंकि उन्हें सरकारी नौकरियों में आरक्षण समाप्त करने की मांग कर रहे सैकड़ों युवा प्रदर्शनकारियों की मौत में पुलिस की भूमिका के कारण बदले की कार्रवाई का डर था।
ऐसे में छात्र सड़कों पर उतर आए और यातायात का प्रबंधन करने की कोशिश की। हालांकि, सोमवार को यातायात पुलिस के जवान अपने कार्यस्थलों पर लौट आए।
‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के मुताबिक, फिर भी, छात्रों का कहना है कि वे यातायात प्रबंधन को पुलिस की इकाइयों पर नहीं छोड़ना चाहते हैं।
छात्र बुधवार को भी सड़कों पर यातायात का प्रबंधन करते देखे गए। इसमें अंसार, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश रेड क्रिसेंट, स्काउट्स और बांग्लादेश नेशनल कैडेट कोर (बीएनसीसी) के सदस्य भी शामिल हैं। सड़कों पर सीमित संख्या में यातायात पुलिस कर्मी भी देखे गए।
छात्र यातायात प्रबंधन कर रहे हैं, लाइसेंस की जांच कर रहे हैं और लोगों को हेलमेट पहनने की याद दिला रहे हैं।
इस बीच, यातायात पुलिसकर्मियों का कहना है कि छात्रों ने इस मुश्किल समय में यातायात का प्रबंधन करने में सराहनीय भूमिका निभाई है, लेकिन अब जब ये लोग वापस काम पर आ गए हैं, तो छात्रों की अब वहां जरूरत नहीं रह गई है।
ढाका कॉलेज में मनोविज्ञान के छात्र और बांग्लादेश रेड क्रिसेंट सोसाइटी के स्वयंसेवक इनायत उल्लाह ने कहा, “हम बांग्लादेश रेड क्रिसेंट सोसाइटी की ओर से सात अगस्त से यातायात प्रबंधन का काम कर रहे हैं।”
उल्लाह ने कहा, “अब तक हमें सड़कों से हटने के कोई निर्देश नहीं मिले हैं। चूंकि यातायात पुलिस ने काम करना शुरू कर दिया है, इसलिए हमें अब सड़कों पर रहने की जरूरत नहीं है। लेकिन अगर भविष्य में जरूरत पड़ी तो हम देश की खातिर योगदान देने के लिए तैयार हैं।”
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) मुनीब-उर- रहमान ने कहा, “संकट के समय में छात्रों ने सराहनीय भूमिका निभाई। हमारे यातायात पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं। हमने छात्रों को फूलों से उनका स्वागत करते देखा है।”
भाषा नोमान रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
