scorecardresearch
शुक्रवार, 4 जुलाई, 2025
होमदेशपूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का निधन, माकपा सहित तमाम दलों व नेताओं ने शोक जताया

पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का निधन, माकपा सहित तमाम दलों व नेताओं ने शोक जताया

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कद्दावर नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य (80) का बृहस्पतिवार को कोलकाता स्थित उनके आवास पर निधन हो गया।

माकपा के पोलित ब्यूरो, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भट्टाचार्य के निधन पर दुख जताया। कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी भट्टाचार्य के निधन पर शोक व्यक्त किया।

माकपा ने एक बयान में कहा, ”माकपा पोलित ब्यूरो पार्टी के दिग्गज नेता एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करता है।”

पार्टी ने कहा कि भट्टाचार्य 1966 में बतौर छात्र पार्टी में शामिल हुए और विभिन्न छात्र एवं युवा आंदोलनों में भाग लिया।

वह 1968 में पश्चिम बंगाल डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन के राज्य सचिव बने। भट्टाचार्य 1971 में पार्टी की पश्चिम बंगाल राज्य समिति के लिए चुने गए और 1982 में राज्य सचिवालय के सदस्य बने।

इस दौरान भट्टाचार्य एक महत्वपूर्ण नेता के रूप में उभरे जिन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

बयान में कहा गया है कि 2015 तक पोलित ब्यूरो के सदस्य के रूप में उन्होंने पार्टी की योजनाओं को रूप देने में योगदान दिया।

माकपा ने कहा, ”बुद्धदेव ने लगभग तीन दशक तक वाम मोर्चा सरकार के मंत्री और मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी अहम भूमिका निभाई। नवंबर 2000 में ज्योति बसु के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली और उसके बाद वह दो और कार्यकालों के लिए चुने गए।”

माकपा ने कहा कि सरकार के दृष्टिकोण और नीतियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भट्टाचार्य के निधन पर शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के आकस्मिक निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। मैं उन्हें पिछले कई दशकों से जानती थी और पिछले कुछ वर्षों में जब वह बीमार थे और घर पर थे तब मैंने उनसे कई बार मुलाकात की थी। दुख की इस घड़ी में मीरा दी और सुचेतन के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’’

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री भट्टाचार्य के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि माकपा नेता ने लोगों से सम्मान और प्यार अर्जित किया। उन्होंने भट्टाचार्य को अन्य राजनीतिक नेताओं के लिए अनुकरणीय आदर्श बताया।

राजभवन ने की ओर से जारी एक बयान में राज्यपाल ने कहा, ‘बुद्धदेव एक ऐसे नेता थे जिन्होंने अपने सादा जीवन, उच्च विचार और साहित्य एवं संस्कृति के प्रति लगाव से समाज के सभी वर्गों के लोगों का प्यार और सम्मान हासिल किया है।”

बीजू जनता दल (बीजद) के सुप्रीमो नवीन पटनायक ने माकपा के वरिष्ठ नेता भट्टाचार्य के निधन पर शोक व्यक्त किया।

नवीन पटनायक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उन्हें उनकी ईमानदारी, कल्याणकारी पहलों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा।”

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने माकपा नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

माझी ने कहा, ”पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ।… इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदना हैं।”

असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत विश्व शर्मा ने बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। वह जनसेवा के क्षेत्र में एक अग्रणी व्यक्ति थे। विधायक, मंत्री और बाद में मुख्यमंत्री के तौर पर पांच दशकों से अधिक के उनके व्यापक अनुभव ने एक अमिट छाप छोड़ी है। मैं उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमसीर ने बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी किए गए बयान में विजयन ने कहा कि भट्टाचार्य ने अपनी युवावस्था से ही बेहतरीन नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया था।

उन्होंने कहा कि माकपा के दिग्गज नेता हमेशा ‘वंचितों के साथ खड़े रहे और अधिकारियों के दमन के खिलाफ उनकी लोकतांत्रिक लड़ाई में साथ दिया।”

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने भट्टाचार्य के निधन पर दुख जताते हुए एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ”पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन से गहरा दुख हुआ है। राज्य और राष्ट्र के प्रति उनकी दृढ़ निष्ठा और सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने अपना जीवन एक समतावादी समाज के निर्माण, हाशिए पर पड़े लोगों के हित के लिए काम करने और सामाजिक न्याय की वकालत करने के लिए समर्पित कर दिया।”

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को माकपा नेता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ” पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। विधायक, मंत्री और अंततः मुख्यमंत्री के तौर पर पांच दशकों से अधिक के उनके कार्यकाल ने एक स्थायी विरासत छोड़ी है। अपनी विनम्रता, बंगाली साहित्य में महत्वपूर्ण योगदान और सार्वजनिक सेवा के प्रति अटूट समर्पण के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।”

भाषा

प्रीति पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments