इस्लामाबाद, आठ अगस्त (भाषा) अनुभवी राजनयिक आमना बलोच पाकिस्तान की नयी विदेश सचिव होंगी। बृहस्पतिवार को मीडिया में आयी खबरों से यह जानकारी मिली है।
‘द न्यूज इंटरनेशनल’ की खबर के अनुसार, यूरोपीय संघ, बेल्जियम और लक्जमबर्ग में पाकिस्तान की राजदूत बलोच 11 सितंबर को अपना पदभार संभालेंगी। वह वर्तमान विदेश सचिव डॉ. सायरस सज्जाद काजी की सेवानिवृत्ति के बाद उनका स्थान लेंगी।
खबर में प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नए विदेश सचिव की नियुक्ति के लिए विदेश मंत्री के तौर पर उप प्रधानमंत्री इशाक डार की सिफारिशों को मंजूरी दे दी है।
पाकिस्तान विदेश सेवा की 1991 बैच की अधिकारी बलोच एक महीने में ही शहबाज सरकार द्वारा नियुक्त दूसरी महिला संघीय सचिव बनने जा रही हैं। इससे पहले अंबरीन जान को इसी महीने सूचना एवं प्रसारण सचिव नियुक्त किया गया था।
इतिहास विषय से स्नातकोत्तर डिग्री धारक बलूच मलेशिया में पाकिस्तान की उच्चायुक्त रह चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने विदेशों में स्थित दूतावासों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। वह चीन के चेंग्दू में पाकिस्तान की महावाणिज्यदूत के पद पर भी रही हैं।
भाषा यासिर गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
