अमरावती, 11 जून (भाषा) जनसेना के संस्थापक एवं अभिनेता पवन कल्याण को आंध्र प्रदेश में एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद दिए जाने की संभावना है।
तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख चंद्रबाबू नायडू बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सूत्रों के अनुसार, आंध्र प्रदेश की नयी सरकार सहयोगी दलों – जनसेना और भाजपा को पांच से छह मंत्री पद दे सकती है।
सूत्रों के अनुसार, पवन कल्याण के साथ पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष नादेंदला मनोहर को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है।
पीठापुरम विधानसभा क्षेत्र से जीतने वाले पवन कल्याण ने अपने बड़े भाई चिरंजीवी के साथ मिलकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। चिरंजीवी ने 2008 में प्रजा राज्यम पार्टी की स्थापना की थी। हालांकि, अपने भाई द्वारा प्रजा राज्यम पार्टी का कांग्रेस में विलय करने के बाद वह राजनीति में बहुत सक्रिय नहीं रहे। बाद में पवन कल्याण ने 2014 में जनसेना पार्टी की स्थापना की।
भाषा शफीक माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.