तिरुवनंतपुरम, 29 जनवरी (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कन्नूर अर्बन निधि लिमिटेड द्वारा करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़ी धन शोधन जांच के तहत सोमवार को केरल में कई स्थानों पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय एजेंसी त्रिशूर और मलप्पुरम में लगभग चार-पांच परिसरों की तलाशी ले रही है।
जांच धोखाधड़ी के एक कथित मामले से संबंधित है जिसमें 12-13 प्रतिशत तक के उच्च रिटर्न का वादा करके जमा राशि एकत्र करके लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई थी।
सूत्रों ने कहा कि कन्नूर अर्बन निधि लिमिटेड के प्रवर्तकों पर जमा राशि को निकालने और इस धनराशि को निजी संपत्ति में निवेश करने का आरोप है।
गफूर केएम, शौकत अली, एंथनी एस. और जशीना नामक महिला (वर्तमान में जेल में बंद) सहित प्रवर्तकों एवं निदेशकों के खिलाफ केरल पुलिस और आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की 150 से अधिक प्राथमिकी पर ईडी के संज्ञान लेने के बाद जांच एजेंसी ने धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत यह मामला दर्ज किया था।
सूत्रों ने कहा कि लगभग 20 करोड़ रुपये के सार्वजनिक धन की कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई और ईडी धोखाधड़ी मामले का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
