scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशराजग में शामिल होने का नीतीश कुमार का फैसला सही: आठवले

राजग में शामिल होने का नीतीश कुमार का फैसला सही: आठवले

Text Size:

(अदीब वाल्टर)

लखनऊ, 29 जनवरी (भाषा) केन्द्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने सोमवार को कहा कि नीतीश कुमार का निर्णय बिहार की प्रगति के लिए सही समय पर उठाया गया सही कदम है ।

केंद्र सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के अध्यक्ष रामदास आठवले ने यहां पीटीआई़ भाषा से बातचीत में कहा कि ”नीतीश कुमार का निर्णय सही समय पर उठाया गया सही कदम है। और यह ‘इंडिया गठबंधन’ को बहुत बड़ा झटका देने वाला है।”

विपक्षी दलों द्वारा नीतीश कुमार को पलटूराम नाम दिये जाने पर आठवले ने कहा ‘‘नीतीश कुमार को पलटूराम कहना उचित नहीं है। पलटने वाले बहुत लोग हैं। यह ‘पलटने’ का मामला नहीं है। कभी-कभी आपको सही समय पर सही निर्णय लेना पड़ता है।’’

उन्‍होंने कहा कि ‘नीतीश का फैसला सही है और यह कांग्रेस के लिए एक चुनौती है।’

आरपीआई (ए) प्रमुख ने कहा कि नीतीश कुमार अब नरेन्‍द्र मोदी जी के नेतृत्व में काम करने के लिए राजग में आए हैं, उनका स्‍वागत है।

यह याद दिलाने पर कि विपक्ष उन्हें अवसरवादी कह रहा है, आठवले ने कहा कि वह (नीतीश) अवसरवादी नहीं बल्कि कांग्रेस अवसरवादी है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की इस टिप्पणी पर कि भाजपा ने भावी प्रधानमंत्री (नीतीश) को मुख्यमंत्री पद पर सीमित कर दिया है, आठवले ने कहा, ”इंडिया गठबंधन को प्रधानमंत्री बनाने का मौका नहीं मिलेगा। उन्हें उतनी सीटें नहीं मिलने वाली हैं। उम्मीदवार की घोषणा करने से कोई प्रधानमंत्री नहीं बन सकता।”

‘एक्स’ पर अपने एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा था कि ये भाजपा का लोकसभा चुनाव हारने की आशंका का नतीजा है… जिसने साजिश करके एक भावी प्रधानमंत्री को अपने साथ मिलाकर मुख्यमंत्री के पद तक ही सीमित कर दिया।

यादव ने कहा था ”भाजपा ने बिहार की जनता का अपमान किया है और जनमत का भी। जनता इस अपमान का जवाब भाजपा गठबंधन को लोकसभा का चुनाव हराकर देगी। बिहार का हर निवासी अपना अगला वोट, बिहार के सम्मान को बचाने के लिए डालेगा और भाजपा को हराने के लिए।”

इंडिया गठबंधन के भाग्य के बारे में आठवले ने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी जानते हैं कि चुनाव में उसका सफाया हो जाएगा। ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी (आप) इंडिया गुट की ताकत थीं लेकिन उन्होंने अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।’’

उन्‍होंने कहा, ‘‘हाल ही में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम और तेलंगाना में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा और अब इंडिया के सहयोगियों ने अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उनका निर्णय भी उचित है क्योंकि वे कांग्रेस को सीट क्यों देंगे जहां उसका कोई अस्तित्व नहीं है।”

भाषा अभिनव आनन्‍द नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments