लखनऊ, 28 जनवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को 2024 के पहले ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के बहराइच में जैविक खाद बनाने वाले स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की तारीफ की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के उत्साहवर्धन पर उनका आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच’ एक्स’ पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने मन की बात कार्यक्रम में बहराइच जनपद में बायो फर्टिलाइजर और बायो पेस्टीसाइड बनाने वाले स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया है। इससे देश-प्रदेश की अन्य महिलाओं में भी आत्मनिर्भरता की इच्छाशक्ति जागृत होगी।’
उन्होंने कहा, ‘उन्नति जैविक इकाई संगठन से जुड़ी महिलाओं का यह अभिनव प्रयास उनकी आय में वृद्धि करने के साथ ही प्राकृतिक खेती की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कृषि क्षेत्र में प्रेरणा बनी मातृशक्ति का अभिनंदन और प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार।’
मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा, ‘मुझे उत्तर प्रदेश के बहराइच में स्थानीय चीजों के उपयोग से बायो फर्टिलाइजर और बायो पेस्टीसाइड तैयार करने वाली महिलाओं के बारे में पता चला। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी निबिया बेगमपुर गांव की महिलाएं, गाय के गोबर, नीम की पत्तियां और कई तरह के औषधीय पौधों को मिलाकर बायो फर्टिलाइजर तैयार करती हैं। इसी तरह ये महिलाएं अदरक, लहसुन, प्याज और मिर्च का पेस्ट बनाकर ऑर्गेनिक पेस्टीसाइड भी तैयार करती हैं।’
उन्होंने कहा, ‘इन महिलाओं ने मिलकर ‘उन्नति जैविक इकाई’ नाम का एक संगठन बनाया है। यह संगठन बायो प्रोडक्ट्स को तैयार करने में इन महिलाओं की मदद करता है। इनके द्वारा बनाए गए बायो फर्टिलाइजर और बायोपेस्टीसाइड की मांग भी लगातार बढ़ रही है।’
भाषा सलीम राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
