scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशआपत्तिजनक सामग्री प्रदर्शित करने और प्रधानमंत्री तथा केंद्र की आलोचना करने पर उच्च न्यायालय के दो अधिकारी निलंबित

आपत्तिजनक सामग्री प्रदर्शित करने और प्रधानमंत्री तथा केंद्र की आलोचना करने पर उच्च न्यायालय के दो अधिकारी निलंबित

Text Size:

कोच्चि, 27 जनवरी (भाषा) केरल उच्च न्यायालय ने गणतंत्र दिवस पर आयोजित एक स्टेज शो के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री प्रदर्शित करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्र सरकार की आलोचना करने के लिए अपने दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

उच्च न्यायालय के महापंजीयक (रजिस्ट्रार जनरल) ने कहा कि दोनों अधिकारी- एक सहायक रजिस्ट्रार (उच्च ग्रेड) और कोर्ट कीपर (उच्च ग्रेड) को घटना की जांच होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

महापंजीयक ने शुक्रवार को जारी आदेश में कहा, ‘‘वे (दोनों अधिकारी) अपने पास मौजूद सभी सरकारी संपत्तियां (यदि कोई हो) वापस करेंगे, जिसमें उन्हें जारी किया गया पहचान पत्र भी शामिल है।’’

आदेश में यह भी कहा गया कि मुख्य न्यायाधीश ने रजिस्ट्रार (सतर्कता) को घटना की विस्तृत जांच करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

इसमें कहा गया है, ‘‘रजिस्ट्रार (प्रशासन) को विस्तृत स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया जाता है कि किन परिस्थितियों में उपरोक्त घटना हुई।’’

गणतंत्र दिवस पर यहां उच्च न्यायालय के सभागार में मंच पर प्रस्तुति दी गई थी। एक टीवी चैनल पर प्रसारित इस कार्यक्रम के वीडियो में एक कलाकार को प्रधानमंत्री के रूप में अभिनय करते हुए दिखाया गया।

एर्नाकुलम विधिक प्रकोष्ठ द्वारा केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ए जे देसाई से की गई शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई।

भाषा संतोष दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments