कराची, 19 दिसंबर (भाषा) पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 12 जनवरी से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के लिए शाहीन शाह अफरीदी की अगुवाई में मंगलवार को 17 सदस्यीय टीम घोषित की जिसमें कुछ नए चेहरे शामिल किए गए हैं।
चयनकर्ताओं ने विकेटकीपर बल्लेबाज हसीबुल्लाह, ऑलराउंडर अब्बास अफरीदी और स्पिनर अबरार अहमद को पहली बार टी20 टीम में शामिल किया है।
टेस्ट कप्तान शान मसूद को टीम में शामिल नहीं किया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पिछले महीने बाबर आजम के तीनों प्रारूप की कप्तानी छोड़ने के बाद अफरीदी को टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया था जबकि मसूद को टेस्ट कप्तान बनाया गया था।
अनुभवी ऑलराउंडर शादाब खान के टखने की चोट के कारण न्यूजीलैंड श्रृंखला से बाहर होने के बाद चयनकर्ताओं ने बल्लेबाज साहबजादा फरहान और आजम खान को टीम में फिर से शामिल किया है।
पाकिस्तान की टी20 टीम इस प्रकार है: शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), आमिर जमाल, अब्बास अफरीदी, अबरार अहमद, आजम खान, बाबर आजम, फखर जमा, हारिस रऊफ, हसीबुल्लाह, इफ्तिखार अहमद, मुहम्मद नवाज, मुहम्मद रिजवान, मुहम्मद वसीम जूनियर, साहबजादा फरहान। सईम अयूब, उसामा मीर और ज़मान खान।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
