नयी दिल्ली, 27 नवंबर ( भाषा ) भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) 2024 पेरिस ओलंपिक के लिये पिस्टल और राइफल चयन ट्रायल तीन और 23 मई को क्रमश: दिल्ली और भोपाल में आयोजित करेगा ।
एनआरएआई ने यहां जारी बयान में कहा कि पहला ट्रायल तीन मई को कर्णी सिंह रेंज पर होगा जबकि दूसरा 23 मई को भोपाल में आयोजित होगा ।
दो दो सेट के चार ट्रायल आयोजित किये जायेंगे और अंतिम औसत स्कोर (एफएएस) के लिये सर्वश्रेष्ठ तीन स्कोर गिने जायेंगे ।
पेरिस ओलंपिक के लिये टीम चुनने के संशोधित मानदंडों के अनुसार फायर आर्म ( 50 मीटर राइफल और 25 मीटर पिस्टल में ओलंपिक कोटाधारकों को एफएएस के अलावा दो बोनस अंक दिये जायेंगे । वहीं एयर गन ( 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल ) में एक बोनस अंक मिलेगा ।
एनआरएआई ने चयन ट्रायल में भाग लेने की पात्रता भी तय की है जिसके तहत सभी ओलंपिक कोटाधारक या ‘डीम्ड’ कोटाधारक , घरेलू रैंकिंग में शीर्ष तीन में शामिल निशानेबाज और दो आईएसएसएफ चैम्पियनशिप खेल चुके निशानेबाज ही इसमें भाग ले सकेंगे ।
‘डीम्ड’ कोटाधारक वह है जो कोटा पाने के योग्य है लेकिन भारत को अधिकतम दो कोटा पहले ही मिलने के कारण वह वंचित रह गया हो । हर देश को निशानेबाजी में प्रति स्पर्धा अधिकतम दो कोटे ही मिलते हैं ।
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
