चेन्नई, 27 नवंबर ( भाषा ) एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से पंजाब ने कर्नाटक को 5 . 1 से हराकर सोमवार को 13वीं सीनियर पुरूष राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया ।
हरमनप्रीत ने 39वें और 44वें मिनट में गोल दागे । मिडफील्डर शमशेर सिंह ने चौथे मिनट में पंजाब के लिये पहला गोल किया । सुखजीत सिंह ने 13वें और आकाशदीप सिंह ने 45वें मिनट में गोल किये ।
कर्नाटक के लिये एकमात्र गोल बी आभारन सुदेव ने 18वें मिनट में किया ।
पंजाब का सामना फाइनल में हरियाणा से होगा जिसने शूटआउट में मेजबान तमिलनाडु को 4 . 2 से हराया ।
निर्धारित 60 मिनट के बाद स्कोर 1 . 1 से बराबर था ।
भारतीय फॉरवर्ड अभिषेक ने 41वें मिनट में गोल किया जबकि बी पी सोमन्ना ने बराबरी का गोल दागा । शूटआउट में संजय, रजत, अभिषेक और जोगिंदर सिंह ने हरियाणा के लिये गोल किये जबकि गोलकीपर पवन ने अहम गोल बचाये ।
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
