धर्मशाला, 22 अक्टूबर (भाषा) भारत और न्यूजीलैड के बीच आईसीसी विश्व कप क्रिकेट मैच को रविवार को यहां मेजबान टीम की पारी के दौरान घने कोहरे के कारण कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।
न्यूजीलैंड के 274 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 15.4 ओवर में जब दो विकेट पर 100 रन बनाए लिए थे तब मैदान पर अचानक घना कोहरा छा गया और अंपायरों को मैच रोकने को बाध्य होना पड़ा।
लगभग 15 मिनट के बाद हालांकि कोहरा हटने के बाद खेल दोबारा शुरू हो गया।
खेल रोकने जाने के समय भारत को जीत के लिए 34.2 ओवर में 174 रन की दरकार थी। श्रेयस अय्यर 21 जबकि विराट कोहली सात रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा 46 जबकि शुभमन गिल 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दोनों ने पहले विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की। दोनों को तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन ने आउट किया।
न्यूजीलैंड की टीम ने इससे पहले डेरिल मिशेल के 130 और रचिन रविंद्र के 75 रन और दोनों के बीच तीसरे विकेट की 159 रन की साझेदारी से 273 रन बनाए थे।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
