scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमखेलकोहली के साथ मैदान के बाहर कोई विवाद नहीं था: नवीन ने कोहली से गले लगने के बाद कहा

कोहली के साथ मैदान के बाहर कोई विवाद नहीं था: नवीन ने कोहली से गले लगने के बाद कहा

Text Size:

… अमित आनंद…

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने कहा कि उनके और भारतीय दिग्गज विराट कोहली के बीच मैदान के बाहर कोई विवाद नहीं था। भारत और अफगानिस्तान के बीच विश्व कप मैच के दौरान बुधवार को यहां कोहली जब बल्लेबाजी कर रहे थे तब उन्होंने नवीन को गले लगाकर गिले-शिकवों को दूर किया। नवीन और कोहली के बीच इंडियन प्रीमियर लीग के बीते सत्र के दौरान लखनऊ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच के दौरान विवाद हो गया था। इस मैच में नवीन बल्लेबाजी के दौरान कोहली से भिड़ गये थे। मैच के बाद उन्होंने कोहली से हाथ भी नहीं मिलाया था। विश्व कप के मैच में जब दोनों का आमना सामना हुआ तो कोहली ने इस खिलाड़ी को गले लगाया। नवीन ने मैच के बाद यहां कहा, ‘‘ मेरे और कोहली के बीच जो हुआ वह मैदान के अंदर की बात थी। मैदान के बाहर हमारे बीच कोई विवाद नहीं था। लोगों और मीडिया ने इसे बड़ा बना दिया था। उन्हें अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए ऐसे मामलों की जरूरत होती है।’’ उन्होंने कहा कि कोहली ने उन्हें बीती बातों को पीछे छोड़ने के लिए कहा। इस तेज गेंदबाज ने कहा, ‘‘ कोहली ने मुझे कहा कि हमें उन बातों को पीछे छोड़ना चाहिए। मैंने भी उन्हें जवाब दिया हां ये बाते खत्म हो गयी हैं। ’’ विश्व कप के मैच में नवीन जब बल्लेबाजी के लिए उतरे को दर्शक कोहली-कोहली का नारा लगाने लगे। यही नजरा उस समय भी दिखा जब नवीन गेंदबाजी कर रहे थे। कोहली और नवीन के गले लगने के बाद दर्शकों ने अफगानिस्तान के इस खिलाड़ी की हूटिंग बंद कर दी। भाषा आनन्द सुधीरसुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments