scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमखेलगिल को डेंगू होने का संदेह, विश्व कप के कई मैचों से हो सकते हैं बाहर

गिल को डेंगू होने का संदेह, विश्व कप के कई मैचों से हो सकते हैं बाहर

Text Size:

चेन्नई, छह अक्टूबर (भाषा) एकदिवसीय विश्व कप के पहले मुकाबले से पूर्व भारत की चिंता बढ़ गई है क्योंकि फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल को डेंगू होने का संदेह है और उनका रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मैच में खेलना संदिग्ध है।

गिल अगर इस मुकाबले से बाहर होते हैं तो इशान किशन को पारी का आगाज करने का मौका मिल सकता है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने हालांकि अब तक उनकी बीमारी की प्रकृति की पुष्टि नहीं की है।

बीसीसीआई ने मेडिकल अपडेट में कहा, ‘‘वह बीमार है, मेडिकल टीम उन पर नजर रखे हुए है। हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही बेहतर हो जाएगा। हमें मेडिकल टीम के अपडेट के लिए इंतजार करना पड़ेगा।’’

पिछले कुछ समय में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के सबसे सफल बल्लेबाज गिल को कथित तौर पर तेज बुखार है और शुक्रवार को उनका डेंगू का परीक्षण होगा जिसके बाद उनके खेलने को लेकर अंतिम फैसला किया जाएगा।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘चेन्नई आने के बाद से शुभमन को तेज बुखार है। उसके परीक्षण हुए हैं। शुक्रवार को और परीक्षण होंगे और फिर पहले मैच में उनके खेलने को लेकर फैसला किया जाएगा।’’

पता चला है कि गिल का डेंगू के लिए फिर परीक्षण किया गया है और अगर इसकी पुष्टि होती है तो वह कुछ मैचों के लिए बाहर हो सकते हैं।

डेंगू से उबरकर मैच फिट होने में सामान्य तौर पर सात से 10 दिन का समय लगता है। अगर प्लेटलेट में अधिक गिरावट आती है तो उबरने में अधिक समय लग सकता है।

गिल का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना संदिग्ध है और अगर उबरने में अधिक समय लगता है तो वह अफगानिस्तान (11 अक्टूबर) और पाकिस्तान (14 अक्टूबर) के खिलाफ होने वाले मैच से भी बाहर हो सकते हैं।

सूत्र ने कहा, ‘‘जल्बाजी नहीं करें। अगर यह सामान्य वायरल बुखार हुआ तो वह एंटीबायोटिक लेकर भी खेल सकता है लेकिन यह पूरी तरह से चिकित्सा टीम का फैसला होगा।’’

गिल ने मौजूदा सत्र में 1200 रन बनाए हैं और कप्तान राोहित शर्मा के साथ अच्छी सलामी जोड़ी बनाई है। अगर वह लंबे समय तक बाहर रहते हैं तो यह भारत के लिए बड़ा झटका होगा।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments