scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमखेलप्रधानमंत्री मोदी ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सराहना की

प्रधानमंत्री मोदी ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सराहना की

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को हांगझोउ एशियाई खेलों में भारत के पदक विजेताओं की सराहना की।

मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘प्रतिभाशाली सौरव घोषाल, अभय सिंह, संधू हरिंदर और महेश मंगावंकर की हमारी स्क्वाश पुरुष टीम को एशियाई खेलों में शानदार जीत और प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक लाने पर बधाई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रयास कई युवा खिलाड़ियों को खेल में आने और इसमें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा। भारत बहुत खुश है।’’

अभय सिंह ने उतार चढ़ाव भरे मैच में गजब का संयम दिखाते हुए नूर जमां को हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी फतह हासिल की जिससे शीर्ष वरीय भारत ने पुरुष टीम स्क्वाश स्पर्धा में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया।

प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में टेनिस युगल स्पर्धा में स्वर्ण जीतने के लिए रूतुजा भोसले और रोहन बोपन्ना की भी सराहना की।

मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले ने क्या शानदार खेल दिखाया। वे टेनिस युगल स्पर्धा में भारत के लिए प्रतिष्ठित स्वर्ण लेकर आए। उन्होंने उल्लेखनीय टीम भावना और समन्वय का प्रदर्शन किया है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।’’

पहले सेट में भोसले को अपनी सर्विस और रिटर्न में काफी दिक्कत हुई और चीनी ताइपै के खिलाड़ियों ने उसे ही निशाना बनाया। उसने हालांकि दूसरे सेट में अपने खेल में जबर्दस्त सुधार करके कुछ शानदार रिटर्न लगाये।

भारत के सरबजोत सिंह और दिव्या टीएस एशियाई खेलों की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में चीन की जोड़ी से हार गए और रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को चीन के विश्व चैम्पियन झांग बोवेन और जियांग रेंशिन की जोड़ी ने फाइनल 16-14 से हराया।

मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘एशियाई खेल 2022 में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने के लिए सरबजोत सिंह और दिव्या टीएस पर गर्व है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं उनकी उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देता हूं। उनकी प्रतिभा, समर्पण और टीमवर्क सराहनीय है और भारत के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।’’

भाषा आशीष नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments