scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमखेलचोटिल हसरंगा श्रीलंका की विश्व कप टीम से बाहर

चोटिल हसरंगा श्रीलंका की विश्व कप टीम से बाहर

Text Size:

कोलंबो, 26 सितंबर (भाषा) श्रीलंका को विश्व कप से पहले तब करारा झटका लगा जब उसे मंगलवार को अपने स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा को चोटिल होने के कारण अगले महीने से भारत में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम से बाहर करना पड़ा।

लेग स्पिनर हसरंगा पिछले महीने लंका प्रीमियर लीग के प्लेऑफ मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। इस कारण वह एशिया कप में भी नहीं खेल पाए थे।

श्रीलंका ने मंगलवार को ऑलराउंडर दासुन शनाका की अगुवाई में अपनी विश्व कप टीम की घोषणा की। कुसाल मेंडिस को टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया है।

हसरंगा ने जून जुलाई में विश्व कप क्वालीफायर में श्रीलंका को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने केवल सात मैच में 22 विकेट लिए थे। विश्व कप में श्रीलंका को उनकी बड़ी कमी खलेगी।

श्रीलंका विश्व कप से पहले 29 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ और 2 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगा। विश्व कप में वह अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को नयी दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा।

विश्व कप के लिए श्रीलंका की टीम इस प्रकार है: दासुन शनाका (कप्तान), कुसाल मेंडिस (उप-कप्तान), कुसाल परेरा, पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, चैरिथ असलांका, धनंजय डी सिल्वा, दुशान हेमंथा, महीश तीक्ष्णा, डुनिथ वेललेज, कासुन राजिथा, मथीशा पथिराना , लाहिरू कुमारा, दिलशान मदुशंका। रिजर्व: चमिका करुणारत्ने।

भाषा पंत सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments