नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने शुक्रवार को यूडब्ल्यूडब्ल्यू से डब्ल्यूएफआई का निलंबन को ‘स्थगित रखने’ का अनुरोध किया और कहा कि वह चुनावी प्रक्रिया फिर से शुरू करने के प्रयास कर रहा है।
यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने समय पर चुनाव न कराने के कारण भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) को निलंबित कर दिया था।
इस पत्र पर आईओए अध्यक्ष पीटी ऊषा, महासचिव कल्याण चौबे और तदर्थ पैनल प्रमुख भूपेंदर सिंह बाजवा के हस्ताक्षर हैं।
आईओए ने बताया कि उसने कैसे समय पर चुनाव कराने के प्रयत्न किये लेकिन कई राज्य संस्थाओं के प्रतिद्वंद्वी गुटों में विवाद के कारण अदालत में दायर कई मामलों के कारण देरी हुई।
आईओए ने कहा कि उसकी कोशिश चुनाव पर लगी रोक को हटवाने की है।
चुनाव से एक दिन पहले पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने गैर मान्यता प्राप्त हरियाणा कुश्ती संघ की याचिका पर 12 अगस्त को निर्धारित चुनावों पर रोक लगा दी।
पत्र में कहा गया, ‘‘हमारे प्रयास रोक हटाने और चुनाव प्रक्रिया फिर से शुरू करने के किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए आईओए अनुरोध करता है कि अस्थायी निलंबन को फिलहाल स्थगित किया जाये। ’’
इसके अनुसार, ‘‘आईओए आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए जल्द बैठक बुलाने का भी अनुरोध करता है। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
