नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) खेल मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि उसने भारतीय हैंडबॉल संघ (एचएआई) को देश में खेल के संचालन के लिए आधिकारिक संस्था के रूप में मान्यता देने का फैसला किया है।
मंत्रालय ने यह फैसला दिग्विजय चौटाला के एचएआई के अध्यक्ष और जगन मोहन राव के महासचिव चुने जाने के बाद किया। भारतीय ओलंपिक संघ ( आईओए) के हस्तक्षेप के बाद हैंडबॉल संघ के चुनाव कराए गए जिससे लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध भी समाप्त हो गया था।
आईओए ने हाल में एचएआई को मान्यता प्रदान की थी। एचएआई के भारतीय हैंडबॉल महासंघ के साथ विलय के बाद आईओए ने यह फैसला किया था। सौहार्दपूर्ण सहमति आगामी एशियाई खेलों को देखते हुए महत्वपूर्ण है।
मंत्रालय ने एचएआई के अध्यक्ष और महासचिव को भेजे गए पत्र में कहा,‘‘ देश में हैंडबॉल खेल के संचालन के लिए खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय ने भारतीय हैंडबॉल संघ को राष्ट्रीय खेल महासंघ के रूप में मान्यता प्रदान करने का फैसला किया है।’’
भाषा पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
