पुणे, 12 जुलाई (भाषा) अनुभवी भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल ने बुधवार को कहा कि अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के चौथे सत्र से खिलाड़ियों को सितंबर में हांग्झोउ में होने वाले एशियाई खेलों से पहले मैच अभ्यास करने का बेहतरीन मौका मिलेगा।
गुरुवार से शुरू होने वाली इस लीग की चार साल के अंतराल के बाद वापसी हो रही है। सत्र के शुरूआती मुकाबले में पिछली विजेता चेन्नई लायंस की टीम पुनेरी पलटन से भिड़ेगी।
शरत ने बुधवार को टूर्नामेंट पूर्व संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ यूटीटी चार साल के अंतराल के बाद वापसी कर रहा है । इस लीग से हमें अच्छा अनुभव मिला है। इस साल हमें कुछ बहुत प्रतिस्पर्धी टेबल टेनिस देखने की उम्मीद है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कई युवा खिलाड़ियों को इस यात्रा का हिस्सा बनने का मौका मिलता है। यूटीटी ने हमें वह आत्मविश्वास और अनुभव हासिल करने में मदद की है जिसकी हमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जरूरत है।’’
शरत ने कहा कि एशियाई खेलों की तैयारी पहले ही शुरू हो चुकी है और यूटीटी से महाद्वीपीय आयोजन में गुणवत्तापूर्ण सुधार लाने में मदद मिलेगी।
बुधवार को अपना 41वां जन्मदिन मना रहे इस खिलाड़ी ने कहा, ‘‘ यह लीग एशियाई खेलों या ओलंपिक की तैयारी कर रहे किसी भी खिलाड़ी के कार्यक्रम का हिस्सा है। मै इस लीग में शीर्ष स्तर पर प्रतिस्पर्धा का सामना करता हूं। मैं अपनी फिटनेस और मानसिक कंडीशनिंग को खेल के लिए जरूरी स्तर पर बनाये रखने में सक्षम हूं।’’
इस अनुभवी खिलाड़ी ने कहा, ‘‘मुझे टेबल पर वापस आकर तैयारी करने और उन मैचों को खेलने में मजा आता है।’’
भारतीय खिलाड़ी जी साथियान ने ‘उभरते खिलाड़ी’ के रूप में लीग में खेलने को याद किया और कहा कि यह लीग खिलाड़ियों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बीच की दूरी को पाटने में मददगार रही है।
दबंग दिल्ली टीटी टीम के इस खिलाड़ी ने कहा, ‘‘जब मैंने अपना पहला सत्र खेला था, तब मैं उभरता हुआ खिलाड़ी था। अब लोग मुझे एक अनुभवी खिलाड़ी कहते हैं। मेरी इस यात्रा में यूटीटी ने मुझे वह आत्मविश्वास हासिल करने में मदद की जिससे आप विश्वस्तरीय खिलाड़ियों का सामना कर सके।’’
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
