नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) बैंकॉक में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप की शुरुआत से दो दिन पहले इस तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि भारत की शुरुआती टीम में शामिल रही 400 मीटर की एक महिला धावक शायद डोप परीक्षण में विफल रही है। इस संबंध में हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
भारत ने बुधवार से शुरू हो रही महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए शुरुआत में 54 सदस्यीय टीम घोषित की थी लेकिन लंबी कूद के खिलाड़ी जेस्विन एल्ड्रिन, त्रिकूद खिलाड़ी प्रवीण चित्रावेल और भाला फेंक के खिलाड़ी रोहित यादव चोटों के कारण प्रतियोगिता से हट गए।
चार सौ मीटर में हिस्सा लेने वाले मोहम्मद अनस और अंजलि देवी (सिर्फ महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम में शामिल) थाईलैंड की राजधानी नहीं जाएंगे क्योंकि उनके नाम की प्रविष्टियां संभवत: देर से भेजी गईं।
महिला 400 मीटर की पांच अन्य खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है। इनमें से दो सिर्फ चार गुणा 400 मीटर रिले, दो चार गुणा 400 मीटर रिले और चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले दोनों और एक 400 मीटर व्यक्तिगत दौड़ और दोनों रिले में हिस्सा लेगी।
टीम अधिकारियों ने कहा कि अनस और अंजलि इसलिए चूक गए क्योंकि एशियाई एथलेटिक्स संघ (एएए) ने वैकल्पिक खिलाड़ियों को स्वीकृति नहीं दी।
सोमवार को इस तरह की अटकलें थी कि 400 मीटर दौड़ की एक धावक डोप परीक्षण में विफल रही।
संपर्क करने पर भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के अध्यक्ष आदिले सुमारिवाला ने कहा, ‘‘नाडा (राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी) से पूछिए।’’
एएफआई के शीर्ष पदाधिकारी महाद्वीपीय संस्था के चुनाव और पुरस्कार समारोह के लिए अभी बैंकॉक में हैं।
इस तरह की भी अटकलें हैं कि एशियाई चैंपियनशिप के लिए टीम में जगह बनाने में नाकाम रही एक अन्य महिला फर्राटा धाविका के भी डोप परीक्षण में विफल रहने की आशंका है।
पिछले शनिवार को गोलाफेंक के खिलाड़ी करणवीर सिंह को प्रतियोगिता के इतर डोप परीक्षण में विफल रहने के कारण भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था।
भाषा सुधीर पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
