(तस्वीरों के साथ)
हैदराबाद, चार जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लुरी सीताराम राजू की 125वीं जयंती के समापन समारोह में भाग लेने के लिए मंगलवार को यहां पहुंचीं।
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन, मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी और राज्य के कई मंत्रियों ने यहां हकीमपेट वायु सेना अड्डे पर राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत किया।
वह अल्लुरी सीताराम राजू की 125वीं जयंती के समापन समारोह में भाग लेंगी और वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल चार जुलाई को आंध्र प्रदेश के भीमावरम में सीताराम राजू की 125वीं जयंती पर एक साल चलने वाले समारोह की शुरुआत की थी।
चार जुलाई 1897 को जन्मे अल्लुरी सीताराम राजू को पूर्वी घाट क्षेत्र (आंध्र प्रदेश) में आदिवासी समुदायों के हितों की रक्षा के वास्ते अंग्रेजों से लोहा लेने के लिए याद किया जाता है।
उन्होंने 1922 में शुरू हुए रम्पा विद्रोह की अगुवाई की थी। उन्हें स्थानीय लोग ‘‘मान्यम वीरुडु’’ (जंगलों का नायक) भी बुलाते हैं।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
